home page

औरैया में 38,800 रुपये कीमत की दूषित मिठाई नष्ट, जंग लगे कनस्तर में रखे थे रंगीन रसगुल्ले

 | 
औरैया में 38,800 रुपये कीमत की दूषित मिठाई नष्ट, जंग लगे कनस्तर में रखे थे रंगीन रसगुल्ले


औरैया, 03 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में जिलाधिकारी बृजेश कुमार के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने बिधूना में मिठाई की दुकान का निरीक्षण कर 38,800 रुपये कीमत की दूषित मिठाई नष्ट कराई। सहायक आयुक्त (खाद्य) द्वितीय सुनील कुमार के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारी विजय कुमार श्रीवास ने भगत सिंह चौराहा स्थित मिठाई की दुकान का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान रंगीन रसगुल्ले जंग लगे लोहे के कनस्तर में भंडारित मिले। इनमें दुर्गंध भी आ रही थी। टीम ने दुकान में भंडारित 230 किलोग्राम दूषित चमचम रंगीन रसगुल्ला, 11 दूषित केक और सात किलोग्राम दूषित बर्फी को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत खाद्य कारोबारकर्ता की सहमति से नष्ट करा दिया। नष्ट की गई मिठाई की कुल अनुमानित कीमत 38,800 रुपये बताई गई है।

दुकान में साफ-सफाई की स्थिति असंतोषजनक मिलने के साथ अन्य कमियां भी पाई गईं। इस पर खाद्य कारोबारकर्ता को सुधार नोटिस जारी किया जा रहा है। विभाग ने चेतावनी दी कि नोटिस का अनुपालन न होने पर खाद्य लाइसेंस/पंजीकरण नियमानुसार निलंबित या निरस्त किया जा सकता है।

सहायक आयुक्त ने खाद्य कारोबारकर्ताओं से त्योहार के मद्देनजर ताजा व शुद्ध खाद्य पदार्थों का निर्माण और बिक्री करने, मानकविहीन रंगीन व रेडीमेड खाद्य पदार्थों से बचने तथा प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई रखने की अपील की। खाद्य पदार्थ बिल पर खरीदने और निर्माण व एक्सपायरी तिथि अंकित करने के निर्देश दिए। मिलावट की शिकायत खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग में की जा सकती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार