home page

सपा ने पीडीए जन पंचायत का किया आयोजन, कार्यकर्ताओं ने 2027 में सरकार बनाने का किया संकल्प

 | 
सपा ने पीडीए जन पंचायत का किया आयोजन, कार्यकर्ताओं ने 2027 में सरकार बनाने का किया संकल्प


औरैया, 11 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में सदर विधानसभा क्षेत्र के माता अहिल्याबाई होल्कर बरमूपुर नहर पुल, फफूंद रोड पर समाजवादी पार्टी (सपा) की ओर से पीडीए जन पंचायत चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पूर्व सांसद एवं राष्ट्रीय सचिव राजा राम पाल रहे। चौपाल में पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) वर्ग को एकजुट करने के साथ ही आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर चर्चा की गई।

मुख्य अतिथि राजा राम पाल ने कहा कि पाल समाज के लोगों को खुलकर समाजवादी पार्टी के साथ आगे आना चाहिए। किसी भी समाज की हिस्सेदारी तभी मजबूत होती है, जब उसके लोग खुलकर पार्टी के लिए काम करते हैं। उन्होंने कहा कि पाल समाज के लोग समाजवादी पार्टी की रीति और नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का काम करें। सपा सभी वर्गों को साथ लेकर चलने में विश्वास रखती है। पीडीए समाज के अधिकार, सम्मान और हिस्सेदारी की लड़ाई को मजबूत करने के लिए कार्यकर्ताओं को गांव-गांव जाकर लोगों से संवाद करना होगा।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर अभी से बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करें। जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं को सुनें और समाजवादी पार्टी की नीतियों से लोगों को अवगत कराएं। प्रदेश में बदलाव के लिए कार्यकर्ताओं को पूरी ताकत के साथ जुटना होगा।

सपा जिलाध्यक्ष सर्वेश बाबू गौतम ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार की नीतियों से आम जनता परेशान है। महंगाई, बेरोजगारी और किसानों से जुड़े मुद्दे लगातार लोगों के सामने हैं। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी पिछड़ों, दलितों, अल्पसंख्यकों, किसानों, युवाओं और महिलाओं के हितों की आवाज मजबूती से उठाती रही है।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि पीडीए की एकजुटता को बूथ स्तर तक मजबूत करें और वर्ष 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने के लिए अभी से पूरी मेहनत शुरू कर दें। राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के नेतृत्व में प्रदेश में विकास और सामाजिक न्याय की राजनीति को आगे बढ़ाया जाएगा।

चौपाल के दौरान कार्यकर्ताओं ने संगठन को मजबूत करने और आगामी विधानसभा चुनाव में सपा के पक्ष में माहौल बनाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष राजकुमार गौतम, पल्लवी पाल, नरेंद्र पाल, सुमन दिवाकर, बाबा रामनरेश यादव, पूर्व विधायक मदन सिंह गौतम, अरुण कुमार पाल, रामनरेश पाल, महिपाल सिंह पाल, सुरेंद्र सिंह चंदेल, हरीशंकर दिवाकर, हरिशंकर यादव, राम रतन दोहरे समेत बड़ी संख्या में पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार