home page

औरैया में छह अक्टूबर को होगी पीडीए जन चौपाल

 | 
औरैया में छह अक्टूबर को होगी पीडीए जन चौपाल


औरैया, 03 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में समाजवादी पार्टी (सपा) की ओर से सदर विधानसभा क्षेत्र में पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) जन चौपाल का आयोजन छह अक्टूबर को अटसू में किया जाएगा। कार्यक्रम को लेकर पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को तैयारियों में जुटने के निर्देश दिए गए हैं।

सपा जिलाध्यक्ष सर्वेश बाबू गौतम ने शनिवार को उक्त जानकारी दी उन्होंने बताया कि मंगलवार छह अक्टूबर को सुबह 11 बजे से प्रकाश उत्सव गार्डन, अटसू में पीडीए जन चौपाल आयोजित होगी। कार्यक्रम में पूर्व मंत्री अवधेश कुमार वर्मा (राजपूत) तथा पूर्व मंत्री एवं वर्तमान में मैनपुरी के सपा जिलाध्यक्ष आलोक कुमार शाक्य मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। जन चौपाल के दौरान पार्टी के संबंधित नेता अपने-अपने समाज के लोगों से संवाद करेंगे और विभिन्न मुद्दों पर चर्चा करेंगे।

सपा जिलाध्यक्ष ने सदर विधानसभा क्षेत्र औरैया के सभी सम्मानित नेताओं, कार्यकर्ताओं, विधानसभा पदाधिकारियों, जोन, सेक्टर एवं बूथ पदाधिकारियों तथा बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील की है। उन्होंने कहा कि जन चौपाल में पार्टी संगठन से जुड़े कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी महत्वपूर्ण है। इसके लिए विधानसभा क्षेत्र के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को अपने-अपने स्तर से लोगों को कार्यक्रम की जानकारी देने तथा अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित करने को कहा गया है।

उन्होंने बताया कि पीडीए जन चौपाल के माध्यम से पार्टी के नेता समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों से सीधे संवाद करेंगे। कार्यक्रम में स्थानीय स्तर के मुद्दों, सामाजिक विषयों और संगठन से जुड़े मामलों पर भी चर्चा की जाएगी। जिलाध्यक्ष ने सभी संबंधित पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से निर्धारित समय पर कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने का आह्वान किया है।

सर्वेश बाबू गौतम ने कहा कि सभी नेता और कार्यकर्ता आपसी समन्वय के साथ कार्यक्रम को सफल बनाने में जुटें और अपने क्षेत्र से अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करें। उन्होंने पार्टी के सभी संबंधित पदाधिकारियों से छह अक्टूबर को समय से कार्यक्रम स्थल पहुंचने की अपील की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार