home page

बीपी मंडल ने पिछड़ों की दिशा और दशा बदलने का किया प्रयास: सर्वेश बाबू गौतम

 | 
बीपी मंडल ने पिछड़ों की दिशा और दशा बदलने का किया प्रयास: सर्वेश बाबू गौतम


औरैया, 25 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में समाजवादी पार्टी (सपा) जिला कार्यालय ककोर में मंगलवार को सामाजिक न्याय के पुरोधा, बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री एवं मंडल आयोग के पूर्व अध्यक्ष बाबू बिंदेश्वरी प्रसाद उर्फ बीपी मंडल की जयंती श्रद्धापूर्वक मनाई गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता सपा जिलाध्यक्ष सर्वेश बाबू गौतम ने की। इस दौरान उनके चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

सपा जिलाध्यक्ष सर्वेश बाबू गौतम ने कहा कि बीपी मंडल सामाजिक न्याय के पुरोधा थे। उन्होंने पिछड़े वर्ग की दिशा और दशा बदलने के लिए जीवनभर प्रयास किया। मंडल आयोग के अध्यक्ष के रूप में उन्होंने पिछड़े वर्गों की सामाजिक, शैक्षिक और आर्थिक स्थिति का अध्ययन कर उनके उत्थान के लिए महत्वपूर्ण सिफारिशें प्रस्तुत कीं। उनके प्रयासों से देश में सामाजिक न्याय की अवधारणा को मजबूती मिली।

उन्होंने कहा कि बीपी मंडल के पिता रास बिहारी लाल मंडल ने भी सामाजिक रूढ़ियों और भेदभाव के खिलाफ अभियान चलाया था। बीपी मंडल ने इसी विचारधारा को आगे बढ़ाते हुए वंचित और पिछड़े वर्गों के अधिकारों के लिए संघर्ष किया। मंडल आयोग ने वर्ष 1980 में अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत की, जिसकी सिफारिशों को वर्ष 1990 में लागू किया गया। इसके बाद पिछड़े वर्गों को आरक्षण का लाभ मिलने का रास्ता मजबूत हुआ।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने बीपी मंडल के जीवन और उनके सामाजिक योगदान पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उनके विचार आज भी सामाजिक समानता और न्याय की दिशा में प्रासंगिक हैं। कार्यकर्ताओं ने उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।

इस मौके पर स्नातक एमएलसी के प्रत्याशी शंशाक यादव, पूर्व राज्य मंत्री राम बाबू यादव, पूर्व विधायक मदन सिंह गौतम, मधु यादव, भगवती निषाद, रंजना पाल, सुमन दिवाकर, अनवर यादव, रानू पालीवाल, टिल्लू राजपूत, विधानसभा अध्यक्ष राजकुमार गौतम, डॉक्टर राज्यपाल कश्यप, हरिशंकर दिवाकर, धीरेन्द्र दोहरे, मूलचंद पाल, राजू मिश्रा, बैकुंठ यादव, राकेश यादव, हरिशंकर यादव, रामरतन दोहरे, अर्पित पोरवाल समेत सपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार