home page

सेवा संकल्प अभियान: योजनाओं, अधिकारों और सुरक्षा के प्रति विद्यार्थियों को किया जागरूक

 | 
सेवा संकल्प अभियान: योजनाओं, अधिकारों और सुरक्षा के प्रति विद्यार्थियों को किया जागरूक


- महिला कल्याण योजनाओं के साथ हेल्पलाइन नंबरों से कराया अवगत

औरैया, 30 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जिले में शासन के निर्देश पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत महिला कल्याण विभाग ने अमर शहीद वीरांगना अवंती बाई इंटर कॉलेज, नगला जयसिंह में बुधवार को जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को महिला एवं बाल कल्याण से जुड़ी योजनाओं, सुरक्षा और हेल्पलाइन सेवाओं की जानकारी दी गई।

जिला प्रोबेशन अधिकारी के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में डिस्ट्रिक्ट मिशन कोऑर्डिनेटर सपना देवी ने मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना, स्पॉन्सरशिप योजना, निराश्रित महिला पेंशन और रानी लक्ष्मीबाई सम्मान कोष समेत विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने पात्र लोगों से योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की।

कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को स्वच्छता के साथ गुड टच और बैड टच के प्रति भी जागरूक किया गया। उन्हें किसी भी असहज अथवा आपात स्थिति में सजग रहने और समय पर सहायता लेने के लिए प्रेरित किया गया।

मल्टीपरपज अनूप कुमार ने 1098, 181, 112, 1076, 1090 और 108 समेत विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि अभियान का उद्देश्य महिलाओं और बच्चों को उनके अधिकारों, सुरक्षा तथा शासन की कल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करना है, ताकि पात्र लाभार्थी इन योजनाओं का अधिकतम लाभ उठा

सकें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार