औरैया के युवा बनारस की सेवा संकल्प यात्रा में होंगे शामिल
बनारस से बड़नगर तक करीब 2000 किलोमीटर की मोटरसाइकिल यात्रा में लेंगे हिस्सा
औरैया, 16 सितंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ओर से आयोजित सेवा संकल्प यात्रा में जिले के युवा कार्यकर्ता भी शामिल होंगे। भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. सर्वेश कठेरिया के निर्देशन और युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष मोनू सेंगर के नेतृत्व में जिले के युवा कार्यकर्ता बुधवार काे यात्रा के लिए रवाना हुए।
युवा कार्यकर्ता कानपुर से वंदे भारत एक्सप्रेस से काशी (बनारस) पहुंचेंगे। इसके बाद बनारस से बड़नगर तक करीब 2000 किलोमीटर की मोटरसाइकिल यात्रा में शामिल होंगे।
यात्रा का उद्देश्य राष्ट्र सेवा, संगठन के प्रति निष्ठा और जनजागरण का संदेश लोगों तक पहुंचाना बताया गया है।
यात्रा में औरैया से अछल्दा युवा मोर्चा मंडल संयोजक आशीष सिंह के साथ शिवा सिंह आशु, ज्ञानेन्द्र सिंह, शिवम कुमार, अभिषेक और शिवा सिंह शामिल होंगे। भाजपा पदाधिकारियों ने युवा कार्यकर्ताओं को यात्रा के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनके सुरक्षित और सफल सफर की कामना की।
भाजपा जिला मीडिया प्रभारी भूरे चौबे ने कहा कि सेवा संकल्प यात्रा युवाओं में राष्ट्र सेवा और सामाजिक सरोकार की भावना को मजबूत करने का माध्यम है। उन्होंने यात्रा में शामिल सभी कार्यकर्ताओं को शुभकामनाएं दीं।
भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. सर्वेश कठेरिया और युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष मोनू सेंगर ने भी कार्यकर्ताओं के उत्साह की सराहना करते हुए यात्रा की सफलता की कामना की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

