home page

विभाजन विभीषिका दिवस पर भाजपाइयों ने निकाला मौन जुलूस

 | 
विभाजन विभीषिका दिवस पर भाजपाइयों ने निकाला मौन जुलूस


औरैया, 14 अगस्त (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर शुक्रवार को भाजपा कार्यकर्ताओं ने शहीद पार्क से तहसील तक मौन जुलूस निकाला। जुलूस से पूर्व भारत माता के चित्र पर माल्यार्पण कर कार्यकर्ताओं ने काली पट्टी बांधी और विभाजन के दौरान जान गंवाने वाले लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित की।

इसके बाद तहसील सभागार में आयोजित संगोष्ठी को संबोधित करते हुए गौ सेवा आयोग के सदस्य राजेश सिंह सेंगर ने कहा कि हम सभी ऐसे दिन को स्मरण करने के लिए एकत्रित हुए हैं, जिसे याद करना पीड़ादायक है, लेकिन भूल जाना उससे भी बड़ी ऐतिहासिक भूल होगी। उन्होंने कहा कि 14 अगस्त 1947 की विभीषिका इतिहास का ऐसा अध्याय है, जिसमें लाखों परिवारों ने अपना घर, जमीन, संपत्ति और अपने प्रियजनों को खो दिया। असंख्य लोगों को अपने ही देश में विस्थापित होकर शरणार्थी का जीवन जीने के लिए मजबूर होना पड़ा।

भाजपा जिलाध्यक्ष सर्वेश कठेरिया ने कहा कि यह दिन किसी के प्रति नफरत पैदा करने का नहीं, बल्कि इतिहास से सीख लेने का अवसर है। उन्होंने कहा कि जब समाज में वैमनस्य, कटुता और हिंसा बढ़ती है तो उसके परिणाम बेहद भयावह हो सकते हैं। हमें सामाजिक एकता और सद्भाव को मजबूत करने का संकल्प लेना चाहिए।

पूर्व विधायक लाखन सिंह राजपूत ने कहा कि भारत की एकता, अखंडता और सामाजिक समरसता को कभी कमजोर नहीं होने देना चाहिए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विभाजन की पीड़ा को स्मरण करते हुए एकता और सामाजिक सद्भाव को मजबूत करने का संकल्प ले रहा है। इसी उद्देश्य से 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के रूप में मनाया जाता है।

कार्यक्रम में पूर्व जिलाध्यक्ष राम मिश्रा, नगर पालिका अध्यक्ष अनूप गुप्ता, जिला महामंत्री विशाल शुक्ला, यशवीर सिकरवार, सौरभ भूषण शर्मा, मनु राजपूत, रजनीश पाण्डेय, भूरे चौबे, योगेंद्र कैथवार, अनिल शुक्ला, माधव राजपूत, अमरचंद राठौर, मंजू चौहान, इंद्रपाल पाल, शिव सिंह भारती, राजेश अग्निहोत्री, रामजी वाजपेई, कृष्णचंद्र सावरन, अवधेश शुक्ला, मोनू सेंगर, मनीष भारती, सोनू सेंगर, सोनू सोनी, श्रद्धा चौहान, सीमा चौहान, कंचन अग्निहोत्री, प्रतिमा अवस्थी, आदित्य चतुर्वेदी, जॉनी सेंगर, आदर्श पाण्डेय, नितिन अवस्थी, सुनील बाल्मीकि, श्यामू अवस्थी, श्याम जी अवस्थी, राहुल सिंह, आशीष कठेरिया, सौरभ राजपूत, आशीष दुबे, राहुल गुप्ता, विशाल परिहार, कुअर सिंह बाथम, कौशलेंद्र कुशवाहा, हरपाल ठाकुर और आसाराम राजपूत सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार