बिठूर रवाना हुए प्रथम डाक कांवड़ यात्री, सेवा समिति ने पुष्पवर्षा कर किया स्वागत
औरैया, 02 अगस्त (हि .स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में श्रवण मास के पावन अवसर पर रविवार शाम संकट मोचन मंदिर से प्रथम डाक कांवड़ यात्रा बिठूर के लिए रवाना हुई। भगवान भोलेनाथ के दर्शन के लिए कांवड़िये बिठूर से गंगाजल लेकर सोमवार को देवकली मंदिर पहुंचेंगे, जहां सर्व मनोकामना पूर्ण करने वाले भगवान शिव का सामूहिक जलाभिषेक किया जाएगा।
इस अवसर पर एक विचित्र पहल सेवा समिति, औरैया के अध्यक्ष राजीव पोरवाल (रानू) के नेतृत्व में संकट मोचन मंदिर परिसर में कांवड़ यात्रियों का अंगवस्त्र ओढ़ाकर एवं पुष्पवर्षा कर भव्य स्वागत किया गया। समिति के सदस्यों ने श्रद्धालुओं की मंगलमय यात्रा और सकुशल वापसी की कामना करते हुए बजरंगबली से प्रार्थना की।
कार्यक्रम में राम आसरे गुप्ता, आचार्य कुलदीप दुबे, आदित्य, दिव्यांशु लक्ष्यकर, शिवम बिश्नोई, मयंक चौरसिया, संजय अग्रवाल, अमित गुप्ता, कुलदीप बाबा, राजेंद्र कुमार, आलोक वर्मा, सुधीर, अनिल कुमार तथा समिति के संस्थापक आनंद नाथ गुप्ता एडवोकेट सहित अनेक श्रद्धालु एवं समिति के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

