home page

करंट लगने से युवक की मौत, पोस्टमार्टम से परिजनों का इनकार

 | 

औरैया, 25 जुलाई (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में बेला थाना क्षेत्र के ग्राम लुखरदौरा में शुक्रवार रात करंट लगने से 19 वर्षीय युवक की मौत हो गई। शनिवार को पुलिस की मौजूदगी में आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार कन्नौज के मेहंदी घाट पर कर दिया।

जानकारी के अनुसार, लुखरदौरा निवासी इशु (19) शुक्रवार रात घर में चार्जिंग वाली टॉर्च को बिजली के बोर्ड में लगा रहा था। इसी दौरान वह हाई-वोल्टेज करंट की चपेट में आ गया। तेज करंट लगने से वह गंभीर रूप से झुलसकर अचेत हो गया। परिजन उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिधूना ले गए, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

इशु चार भाइयों में सबसे छोटा था। उसकी असामयिक मौत से परिवार में मातम छा गया। शनिवार को परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। इसके बाद बेला पुलिस ने आवश्यक विधिक औपचारिकताएं पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया। परिजन शव को अंतिम संस्कार के लिए कन्नौज के मेहंदी घाट ले गए, जहां पुलिस की मौजूदगी में अंतिम संस्कार कराया गया।

बेला थाना प्रभारी ललितेश त्रिपाठी ने बताया कि परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार किया था। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार