home page

बारिश की बेरुखी से धान की रोपाई प्रभावित, बढ़ी किसानों की चिंता

 | 
बारिश की बेरुखी से धान की रोपाई प्रभावित, बढ़ी किसानों की चिंता


बारिश की बेरुखी से धान की रोपाई प्रभावित, बढ़ी किसानों की चिंता


औरैया, 16 जुलाई (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में धान की रोपाई का सीजन शुरू हो चुका है, लेकिन पर्याप्त बारिश नहीं होने से किसान परेशान हैं। मानसून की कमजोर सक्रियता के कारण खेतों में पानी नहीं भर पा रहा है, जिससे धान की रोपाई का कार्य प्रभावित हो रहा है। कई स्थानों पर धान की पौध नर्सरी में तैयार खड़ी है, लेकिन खेत सूखे होने के कारण किसान उसे रोप नहीं पा रहे हैं।

कृषि विशेषज्ञों का कहना है कि यदि धान की पौध लंबे समय तक नर्सरी में ही पड़ी रहती है, तो उसकी गुणवत्ता और उत्पादन क्षमता पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। समय पर रोपाई न होने से फसल की बढ़वार भी प्रभावित होती है, जिससे उपज कम होने की आशंका रहती है।

बारिश न होने के कारण कुछ किसान डीजल इंजन और ट्यूबवेल के सहारे खेतों में पानी भरकर रोपाई करा रहे हैं। हालांकि, डीजल की बढ़ती कीमतों से सिंचाई का खर्च काफी बढ़ गया है। किसानों का कहना है कि लगातार इंजन चलाकर सिंचाई करना सभी के लिए संभव नहीं है। यदि जल्द ही अच्छी बारिश नहीं हुई, तो धान की फसल पर गंभीर संकट खड़ा हो सकता है।

किसान संदीप, राजेश, विजय सिंह राजपूत, शिवनारायण सिंह, रमेश कठेरिया और हरिशंकर ने बताया कि धान की खेती पूरी तरह मानसूनी बारिश पर निर्भर रहती है। समय पर वर्षा नहीं होने से रोपाई में देरी हो रही है और उत्पादन घटने की आशंका बढ़ गई है। इससे खेती की लागत बढ़ने के साथ किसानों पर आर्थिक दबाव भी बढ़ रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार