home page

पीडीए जन पंचायत के माध्यम से जनसंवाद करेंगे पूर्व मंत्री राम आसरे विश्वकर्मा

 | 
पीडीए जन पंचायत के माध्यम से जनसंवाद करेंगे पूर्व मंत्री राम आसरे विश्वकर्मा


पीडीए जन पंचायत के माध्यम से जनसंवाद करेंगे पूर्व मंत्री राम आसरे विश्वकर्मा

औरैया, 13 जुलाई (हि. स.)। उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व मंत्री राम आसरे विश्वकर्मा आगामी 16 एवं 17 जुलाई को औरैया जनपद के दो दिवसीय भ्रमण पर रहेंगे। इस दौरान वह विभिन्न स्थानों पर आयोजित पीडीए जन पंचायतों में शामिल होकर स्वजनों से संवाद स्थापित करेंगे तथा पार्टी की नीतियों और कार्यक्रमों को जनता के बीच पहुंचाने का कार्य करेंगे।

यह जानकारी समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष सर्वेश बाबू गौतम ने सोमवार को भीखेपुर क्षेत्र के भ्रमण के दौरान दी। उन्होंने बताया कि 16 जुलाई को सुबह 10 बजे औरैया स्थित नेशनल हाईवे के समीप साईं मंदिर परिसर में पीडीए जन पंचायत का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम में पूर्व मंत्री राम आसरे विश्वकर्मा कार्यकर्ताओं, समर्थकों एवं स्वजनों से संवाद करेंगे तथा उनकी समस्याओं और सुझावों को सुनेंगे।

जिलाध्यक्ष ने बताया कि 17 जुलाई को सुबह 10 बजे दिबियापुर में एनटीपीसी पुलिस चौकी के पास स्थित कृष्णा गेस्ट हाउस में पीडीए जन पंचायत आयोजित होगी। इसके बाद दोपहर 2 बजे बिधूना के अछल्दा रोड स्थित कृष्ण उत्सव गार्डन में एक अन्य जन पंचायत कार्यक्रम होगा, जहां पूर्व मंत्री कार्यकर्ताओं एवं जनता से सीधा संवाद करेंगे।

सर्वेश बाबू गौतम ने कहा कि समाजवादी पार्टी का पीडीए अभियान सामाजिक न्याय, समान भागीदारी और जनहित के मुद्दों को लेकर चलाया जा रहा है। इन जन पंचायतों के माध्यम से पार्टी आमजन की समस्याओं को जानने और उन्हें प्रमुखता से उठाने का कार्य कर रही है।

उन्होंने जनपद के सभी जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों, सेक्टर एवं बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं से निर्धारित समय पर कार्यक्रम स्थलों पर पहुंचकर कार्यक्रमों को सफल बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि पार्टी संगठन को मजबूत बनाने और जनता के बीच संवाद बढ़ाने के लिए सभी कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है।

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार