समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण ने किया पुस्तक ‘उत्तर प्रदेश का स्वतंत्रता संग्राम और इटावा’ का विमोचन
औरैया, 28 जून (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण ने रविवार को पूर्व डीआईजी हरीश कुमार द्वारा लिखित पुस्तक ‘उत्तर प्रदेश का स्वतंत्रता संग्राम और इटावा’ का विमोचन किया। कार्यक्रम शहर के जालौन रोड स्थित रंग महल रिसॉर्ट में आयोजित हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में गणमान्य लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष सर्वेश कठेरिया ने की, जबकि संचालन डॉ. कुश चतुर्वेदी एवं उत्तर प्रदेश प्रधानाचार्य परिषद के प्रदेश अध्यक्ष राजेश कुमार अग्निहोत्री ने संयुक्त रूप से किया। पूर्व मंत्री लाखन सिंह राजपूत विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम के 135वें एपिसोड को एलईडी स्क्रीन पर सुनने एवं देखने के साथ हुआ। इसके उपरांत मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित की गई। प्रधानाचार्या गीता चतुर्वेदी ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की।
मुख्य अतिथि सहित सभी अतिथियों का माल्यार्पण, अंगवस्त्र एवं प्रतीक चिन्ह देकर स्वागत किया गया।
पुस्तक विमोचन के बाद अपने संबोधन में समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण ने कहा कि यह पुस्तक लेखक की गहन मेहनत और ऐतिहासिक तथ्यों पर आधारित एक महत्वपूर्ण कृति है, जो नई पीढ़ी को स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास से जोड़ने का कार्य करेगी।
विशिष्ट अतिथि लाखन सिंह राजपूत ने पूर्व डीआईजी हरीश कुमार को पुस्तक विमोचन की बधाई देते हुए उनके प्रयासों की सराहना की।
कार्यक्रम में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के आश्रितों को भी सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि ने उन्हें माल्यार्पण, अंगवस्त्र, प्रतीक चिन्ह एवं पुस्तक भेंट कर सम्मानित किया।
पूर्व डीआईजी हरीश कुमार ने अपनी छठी पुस्तक के विमोचन अवसर पर कार्यक्रम में शामिल होने के लिए मुख्य अतिथि असीम अरुण सहित सभी अतिथियों एवं उपस्थित जनों का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष कमल दोहरे, भाजपा जिला महासचिव मनु राजपूत, क्षेत्रीय मंत्री अवधेश शुक्ला, अखिल भारतीय पूर्व सैनिक संघ के जिला महासचिव मनमोहन सिंह सेंगर, अमर सिंह राजपूत, श्याम सिंह कुशवाहा सहित दो सौ से अधिक लोग उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

