अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों को लेकर औरैया में योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित
औरैया, 20 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों के अंतर्गत शनिवार को जिले में दो चरणों में योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किए गए। प्रथम सत्र स्थानीय शहीद पार्क दिबियापुर रोड में संपन्न हुआ। जिसमें नगर पालिका अध्यक्ष अनूप गुप्त, पालिका अधिकारियों, कर्मचारियों, सफाई कर्मियों तथा बड़ी संख्या में स्वास्थ्य साधकों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम में वरिष्ठ योग प्रशिक्षक योगेंद्र कुमार मिश्र ने प्रोटोकॉल के तहत सूक्ष्म व्यायाम, विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास कराया।
उन्होंने उपस्थित लोगों को नियमित योग के लाभों के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।
इसके पश्चात द्वितीय सत्र फफूंद रोड स्थित मनोजवम परिवार सेवा न्यास में आयोजित किया गया। यहां न्यास के स्वामी पंडित माधवम अवस्थी सहित अनेक स्वास्थ्य साधकों ने योगाभ्यास में भाग लिया।
योग प्रशिक्षक योगेंद्र कुमार मिश्र ने प्रतिभागियों को विभिन्न योगासनों का अभ्यास कराने के साथ-साथ योग के माध्यम से बेहतर जीवन जीने की कला भी सिखाई।
इस अवसर पर योग प्रशिक्षक योगेंद्र कुमार मिश्र ने कहा कि 21 जून 2026 को आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को सामूहिक एवं भव्य स्वरूप देने के लिए सभी लोगों की एकजुट सहभागिता अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से योग दिवस कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

