home page

औरैया : विकसित भारत संकल्प सम्मेलन में गूंजी केंद्र व प्रदेश सरकार की उपलब्धियां

 | 
औरैया : विकसित भारत संकल्प सम्मेलन में गूंजी केंद्र व प्रदेश सरकार की उपलब्धियां


औरैया, 16 जून (हि.स.)। केंद्र सरकार के 12 वर्ष एवं उत्तर प्रदेश सरकार के 9 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में संचालित समेकित जन कल्याण एवं जन जागरूकता अभियान के अंतर्गत उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद मंगलवार को विकास खंड सहार परिसर में विकसित भारत संकल्प सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया।

सम्मेलन में विभिन्न विभागों की ओर से जनकल्याणकारी योजनाओं के स्टाल लगाकर आमजन को सरकार की योजनाओं की जानकारी प्रदान की गई तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने के लिए जागरूक किया गया।

कार्यक्रम में स्वास्थ्य, कृषि, बेसिक शिक्षा, पशुपालन, पुष्टाहार, ग्राम्य विकास सहित विभिन्न विभागों ने अपने-अपने स्टाल लगाए। विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने आगंतुकों को योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया तथा मिलने वाले लाभों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी।

मुख्य अतिथि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रदेश उपाध्यक्ष एवं सदस्य विधान परिषद सलिल विश्नोई ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक विकास की किरण पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री के नेतृत्व में संचालित योजनाओं का लाभ करोड़ों लोगों तक पहुंचा है और विकसित भारत के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की सहभागिता आवश्यक है।

सम्मेलन को संबोधित करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष सर्वेश कठेरिया, पूर्व मंत्री लाखन सिंह राजपूत, जिला पंचायत अध्यक्ष कमल दोहरे तथा पूर्व प्रत्याशी रिया शाक्य ने संयुक्त रूप से कहा कि जन कल्याण सम्मेलन का उद्देश्य विभिन्न विभागों की योजनाओं को एक मंच पर लाकर जनता तक पहुंचाना है, जिससे ग्रामीणों को जानकारी और सुविधाएं आसानी से उपलब्ध हो सकें।

उन्होंने कहा कि सरकार किसानों, महिलाओं, युवाओं और गरीब परिवारों के उत्थान के लिए अनेक महत्वाकांक्षी योजनाएं संचालित कर रही है। इस अवसर पर राम औतार राजपूत एवं अरविंद शुक्ला ने भी विभिन्न जनहितकारी योजनाओं की जानकारी देकर लोगों को जागरूक किया।

कार्यक्रम का संचालन अमर चन्द्र राठौर ने किया। सम्मेलन के दौरान लोगों ने विभिन्न विभागों के स्टालों का अवलोकन कर योजनाओं संबंधी जानकारी प्राप्त की तथा अधिकारियों से संवाद कर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान कराया। कार्यक्रम के संयोजक आकाश सिंह गौर (ऋषि), ब्लॉक प्रमुख सहार रहे, जबकि अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष सर्वेश कठेरिया ने की।सम्मेलन का समापन विकसित भारत के संकल्प के साथ हुआ।

इस अवसर पर भाजपा जिला मंत्री विमल दुबे, मनु राजपूत, विनोद त्रिपाठी सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता, क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार