home page

औरैया : महिला की बंबे में डूबकर मौत

 | 
औरैया : महिला की बंबे में डूबकर मौत


औरैया, 10 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में दिबियापुर थाना क्षेत्र के बैसुंधरा गांव में बुधवार सुबह सामुदायिक शौचालय की केयरटेकर महिला की बंबे में डूबने से मौत हो गई। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने कार्रवाई की।

जानकारी के अनुसार बैसुंधरा गांव निवासी फूलन देवी (46) पत्नी राधाचरण सामुदायिक शौचालय की केयरटेकर थी। रोजना की तरह बुधवार की सुबह वह सामुदायिक शौचालय खोलने के लिए घर से निकली थीं। बताया जाता है कि शौचालय के पास से गुजरते समय उनका पैर अचानक फिसल गया, जिससे वह पास के बंबे में गिर गई। उनके सिर में चोट लगने से वह बेहोश होकर बंबे के पानी में डूब गईं।

करीब दो घंटे बाद उनके पति राधाचरण पत्नी को देखने के लिए शौचालय पहुंचे। वहां शौचालय बंद मिला तो उन्होंने तलाश शुरू की। इस दौरान उनकी नजर बंबे में उतरा रहे शव पर पड़ी। शव देखकर उनके होश उड़ गए। उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही दिबियापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को बंबे से बाहर निकलवाया।

थाना प्रभारी सत्य प्रकाश सिंह ने बताया कि बंबे में महिला का शव मिलने की सूचना प्राप्त हुई थी। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार