home page

औरैया : स्कार्पियो की टक्कर से संविदा बिजली कर्मी की मौत

 | 
औरैया : स्कार्पियो की टक्कर से संविदा बिजली कर्मी की मौत


औरैया, 22 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में बेला-दिबियापुर मार्ग पर सहार थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर शाम नीमहार मोड़ के सामने तेज रफ्तार स्कार्पियो और बाइक की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक सवार कन्नौज जनपद निवासी संविदा बिजली कर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें पुलिस ने एंबुलेंस से सीएचसी सहार पहुंचाया, जहां शनिवार सुबह उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।

जानकारी के मुताबिक कन्नौज जनपद के नगला खेमकरन गांव निवासी उदय प्रताप (35) अपनी पत्नी प्रीति से मिलने बाइक से औरैया जिले के सहार जा रहे थे। शुक्रवार देर शाम वह जैसे ही नीमहार मोड़ के पास पहुंचे, सामने से आ रही तेज रफ्तार स्कार्पियो ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। भिड़ंत इतनी जबरदस्त थी कि बाइक और स्कार्पियो क्षतिग्रस्त हो गईं। टक्कर के बाद उदय प्रताप उछलकर सड़क किनारे खड्ड में जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद स्कार्पियो चालक घायल की मदद करने के बजाय वाहन लेकर मौके से भागने लगा। कुछ दूरी पर पहुंचते ही स्कार्पियो का अगला टायर फट गया। इसके बाद चालक वाहन को सड़क पर छोड़कर फरार हो गया। बताया गया कि स्कार्पियो में एक महिला और बच्चे भी सवार थे। वे पीछे से आई दूसरी कार में बैठकर वहां से चले गए।

सूचना मिलते ही डायल 112 और स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची। उपनिरीक्षक अनिलेश कुमार, मुख्य आरक्षी अनिल कुमार, आरक्षी विशाल तंवर और अंकुश ने घायल उदय प्रताप को एंबुलेंस से सीएचसी सहार पहुंचाया। पुलिस ने हादसे की जानकारी परिजनों को दी।

परिजनों ने बताया कि उदय प्रताप पिछले करीब आठ वर्षों से बिजली विभाग में संविदा पर कार्यरत थे और सौरिख क्षेत्र में तैनात थे। परिवार में पत्नी प्रीति के अलावा दो बेटे दीपांशु (13) और मयंक (8) हैं। उदय प्रताप तीन भाइयों में मंझले थे। उनकी मौत से पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बेहाल है।

थाना प्रभारी ललितेश नारायण त्रिपाठी ने बताया कि एक दुर्घटना में घायल बिजली विभाग में संविदा कर्मी की आज उपचार के दौरान मौत हो गई है। दुर्घटना में शामिल दोनों वाहनों को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। हादसे के बाद फरार हुए स्कार्पियो चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार