home page

औरैया : बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर ट्रैक्टर ने पीआरवी बाइक में मारी टक्कर, दो पुलिस कर्मी समेत तीन घायल

 | 
औरैया : बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर ट्रैक्टर ने पीआरवी बाइक में मारी टक्कर, दो पुलिस कर्मी समेत तीन घायल


औरैया, 23 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे की सर्विस रोड पर बुधवार देर रात तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने पुलिस रिस्पांस व्हीकल (पीआरवी) की मोटरसाइकिल में टक्कर मार दी। हादसे में पीआरवी पर सवार दो पुलिसकर्मी और एक अन्य व्यक्ति घायल हो गए। सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अछल्दा में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।

जानकारी के अनुसार, रात करीब 10:30 बजे पीआरवी-9470 पर तैनात कमांडर हेड कांस्टेबल सुनील कुमार और चालक शीलू कुमार अछल्दा थाना क्षेत्र के छाछूद गांव में मजदूरों के भुगतान को लेकर हुए विवाद की सूचना पर पहुंचे थे। कार्रवाई के बाद वे प्रतिवादी रामकिशोर पुत्र शिवकुमार सिंह निवासी गौतला को साथ लेकर लौट रहे थे। इसी दौरान बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे की सर्विस रोड पर सामने से आए तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार पुलिस कर्मी समेत तीनों लोग सड़क पर गिरकर घायल हो गए। सूचना मिलते ही अछल्दा थाना प्रभारी सुरेश चंद पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अछल्दा पहुंचाकर उपचार शुरू कराया।

थाना प्रभारी ने बताया कि हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। पुलिस ने उसकी तलाश शुरू कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार