home page

औरैया में बाइक से उछल कर गिरी महिला की मौत

 | 
औरैया में बाइक से उछल कर गिरी महिला की मौत


औरैया, 03 मार्च (हि. स.)। उत्तर प्रदेश औरैया जनपद के बिधूना तहसील क्षेत्र के कस्बा बेला में मंगलवार सुबह करीब 11 बजे हुए सड़क हादसे में 50 वर्षीय महिला की मौत हो गई। हादसा बिधूना–तिरवा मार्ग पर उस समय हुआ, जब महिला अपने पति के साथ बाइक से जा रही थी।

अछल्दा थाना क्षेत्र के गांव सती पूर्वा निवासी रमाकांती अपने पति अमर चंद के साथ कन्नौज जनपद के गांव मदे पूर्वा जा रही थीं। कस्बा बेला के पास सड़क पर बने एक बड़े गड्ढे में बाइक का पहिया अचानक झटका खा गया, जिससे चालक का संतुलन बिगड़ गया। इसी दौरान रमाकांती बाइक से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं।

हादसे के बाद मौके पर जुटे स्थानीय लोगों की मदद से घायल महिला को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिधूना पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना से परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने कानूनी कार्रवाई व पोस्टमार्टम कराने से इनकार करते हुए शव को अपने घर ले गए। क्षेत्रीय लोगों ने सड़क पर गड्ढों की समस्या को लेकर नाराजगी जताई और संबंधित विभाग से मरम्मत की मांग की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार