औरैया में कूड़ा वाहन चालक की सड़क हादसे में मौत, समय से एंबुलेंस न मिलने का आरोप
औरैया, 27 जुलाई (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में नगर पंचायत अटसू में आउटसोर्स पर कार्यरत कूड़ा वाहन चालक 22 वर्षीय अजय कुमार विश्वकर्मा पुत्र स्वर्गीय लाखन सिंह विश्वकर्मा की सोमवार सुबह सड़क हादसे में मौत हो गई। ड्यूटी पर जाते समय अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अजीतमल ले जाया गया, जहां से उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। परिजनों का आरोप है कि समय पर एंबुलेंस नहीं मिलने से इलाज में देरी हुई और युवक ने अस्पताल में ही दम तोड़ दिया।
सोमवार सुबह करीब आठ बजे अजय बाइक से ड्यूटी पर जा रहा था। महाराजपुर मंदिर के पास किसी अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से वह सड़क किनारे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों की मदद से उसे सुबह करीब 8:15 बजे सीएचसी अजीतमल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने सुबह 8:25 बजे उसकी गंभीर हालत देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया।
मृतक की मां शशि देवी का आरोप है कि वह करीब नौ बजे अस्पताल पहुंचीं और बेटे को चिचोली जिला अस्पताल ले जाने के लिए एंबुलेंस की मांग की, लेकिन काफी प्रयास के बावजूद एंबुलेंस उपलब्ध नहीं हो सकी। उनका कहना है कि समय पर उपचार न मिलने के कारण अजय की मौत हो गई। अजीतमल कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अज्ञात वाहन की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

