सेवानिवृत्त उपनिरीक्षक का शव आम के पेड़ से लटका मिला
औरैया, 14 जुलाई (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में बिधूना कोतवाली क्षेत्र के ग्राम कल्याणपुर जागू में सोमवार रात एक सेवानिवृत्त उपनिरीक्षक का शव खेत में आम के पेड़ से फंदे पर लटका मिलने से गांव में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही परिजन और पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
गांव निवासी 70 वर्षीय श्याम सिंह सोमवार शाम घर से निकले थे, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटे। काफी तलाश के बाद भी उनका कोई सुराग नहीं मिला। इसी बीच रात करीब नौ बजे ग्रामीणों ने सूचना दी कि गांव के बाहर खेत में स्थित आम के पेड़ से एक व्यक्ति का शव फंदे पर लटका हुआ है। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और शव की पहचान श्याम सिंह के रूप में की।
परिजन उन्हें तत्काल फंदे से नीचे उतारकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिधूना ले गए। रात करीब 10:50 बजे अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कोतवाली प्रभारी विनेश कुमार सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। मृत्यु के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। रिपोर्ट के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

