home page

औरैया : पुरहा नदी पुनरुद्धार में नहीं होगी कोई ढिलाई, 18 किमी शेष हिस्से के लिए बनेगी संयुक्त समिति

 | 
औरैया : पुरहा नदी पुनरुद्धार में नहीं होगी कोई ढिलाई, 18 किमी शेष हिस्से के लिए बनेगी संयुक्त समिति


औरैया, 29 जुलाई (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में नदियों के संरक्षण और पुनर्जीवन अभियान को गति देने के लिए जिलाधिकारी बृजेश कुमार ने पुरहा नदी के पुनरुद्धार कार्य में किसी भी प्रकार की शिथिलता न बरतने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समय सीमा में कार्य पूर्ण करें।

कलेक्ट्रेट सभागार में बुधवार काे आयोजित जिला गंगा समिति की बैठक में नमामि गंगे कार्यक्रम के अंतर्गत चल रहे कार्यों और पुरहा नदी पुनरुद्धार की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने बताया कि नदी संरक्षण पर्यावरणीय संतुलन, भू-जल संरक्षण और जनहित से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है। उन्होंने प्रभागीय वनाधिकारी को निर्देश दिए कि सिंचाई, वन, लोक निर्माण, लघु सिंचाई, मनरेगा और नमामि गंगे सहित संबंधित विभागों की संयुक्त समिति गठित कर स्थलीय निरीक्षण कराया जाए।

समिति निरीक्षण के बाद विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी, जिसके आधार पर नदी के शेष लगभग 18 किलोमीटर हिस्से में गाद निकासी, झाड़-झंखाड़ एवं अवरोधों की सफाई, जल प्रवाह बहाल करने और प्राकृतिक धारा को पुनर्जीवित करने के लिए कार्ययोजना तैयार कर तत्काल अमल किया जाएगा।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि कार्यों की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होगा। सभी विभाग अपने दायित्वों का प्रभावी ढंग से निर्वहन करें तथा नियमित मॉनिटरिंग के माध्यम से प्रगति की समीक्षा की जाए। उन्होंने कहा कि नदी पुनर्जीवन अभियान केवल विकास परियोजना नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण का महत्वपूर्ण दायित्व है।

बैठक में प्रभागीय वनाधिकारी डॉ. सी.पी. सिंह, सिंचाई, लघु सिंचाई और लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता, नगर पंचायत दिबियापुर के अधिशासी अधिकारी, जिला परियोजना अधिकारी नमामि गंगे साक्षी शुक्ला, एसआई आशीष पाण्डेय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार