औरैया : राष्ट्रीय लोक अदालत के प्रचार वाहन को जनपद न्यायाधीश ने दिखाई हरी झंडी
औरैया, 01 सितम्बर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में आगामी 12 सितंबर को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत की सफलता के लिए मंगलवार को जिला एवं सत्र न्यायालय परिसर से प्रचार वाहन रवाना किया गया। जनपद न्यायाधीश मयंक चौहान ने हरी झंडी दिखाकर वाहन को जनपद के नगरीय, ग्रामीण एवं पिछड़े क्षेत्रों में प्रचार-प्रसार के लिए रवाना किया।
इस दौरान नोडल अधिकारी विकास गोस्वामी, विशेष न्यायाधीश पॉक्सो एक्ट अखिलेश्वर प्रसाद मिश्रा, अपर जिला जज कैलाश कुमार, राजीव कुमार वत्स, विनय प्रकाश सहित सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण रोमा गुप्ता एवं अन्य न्यायिक अधिकारी मौजूद रहे।
सचिव रोमा गुप्ता ने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत में सुलह-समझौते के आधार पर सिविल, राजस्व, बिजली चोरी, स्टाम्प, श्रम, एनआई एक्ट की धारा 138, भूमि अधिग्रहण, नगर पालिका, बैंक रिकवरी सहित विभिन्न मामलों का निस्तारण किया जाएगा। लोक अदालत में निस्तारित मामलों में अपील का प्रावधान नहीं होता।
उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि वे 12 सितंबर 2026, शनिवार को सुबह 10 बजे से जनपद न्यायालय परिसर में आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत में अपने मामलों का निस्तारण कराकर सुलभ एवं त्वरित न्याय का लाभ उठाएं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

