home page

प्रोजेक्ट नई किरण ने 20 परिवारों को टूटने से बचाया, पति-पत्नी साथ रहने को हुए राजी

 | 
प्रोजेक्ट नई किरण ने 20 परिवारों को टूटने से बचाया, पति-पत्नी साथ रहने को हुए राजी


औरैया, 09 अगस्त (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती के निर्देशानुसार रविवार को महिला थाना परिसर में महिला थाना प्रभारी की पूजा राठौर की अध्यक्षता में प्रोजेक्ट नई किरण के तहत परिवार परामर्श कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में आपसी वैचारिक मतभेद और घरेलू कलह के चलते कुछ दिनों से अलग रह रहे 20 दंपतियों की समस्याओं को सुना गया।

परामर्श के दौरान प्रोजेक्ट नई किरण की टीम ने पति-पत्नी के बीच उत्पन्न मनमुटाव और विवाद के कारणों को समझा। दोनों पक्षों से बातचीत कर आपसी मतभेद दूर करने तथा परिवार के महत्व को समझाते हुए एक-दूसरे के साथ मिलकर रहने के लिए प्रेरित किया गया।

पुलिस और प्रोजेक्ट की टीम के समझाने-बुझाने के बाद सभी 20 परिवारों में आपसी सहमति बनी और पति-पत्नी साथ रहने के लिए राजी हो गए। इसके बाद दंपतियों को हंसी-खुशी उनके परिवारों के साथ विदा किया गया।

प्रोजेक्ट नई किरण के माध्यम से पुलिस द्वारा आपसी विवादों के कारण बिखरने की कगार पर पहुंचे परिवारों को समझाइश और काउंसलिंग के जरिए फिर से एक सूत्र में बांधने का प्रयास किया जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान प्रोजेक्ट नई किरण के अन्य सदस्य भी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार