औरैया की हरचंदपुर पुलिस चौकी को आवासीय भवन की सौगात, 453.53 लाख की मंजूरी
औरैया, 04 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद के दिबियापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत हरचंदपुर पुलिस चौकी के लिए एक बड़ी सौगात मिली है। प्रदेश सरकार ने चौकी के लिए आवासीय भवन निर्माण को मंजूरी दे दी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस परियोजना के लिए 453.53 लाख रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। इस संबंध में राज्य गृह विभाग ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व ट्विटर) पर आधिकारिक जानकारी साझा की है।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने चौकी के आवासीय भवन निर्माण को लेकर कहा कि हरचंदपुर पुलिस चौकी पर तैनात पुलिसकर्मियों को लंबे समय से आवासीय सुविधा की कमी का सामना करना पड़ रहा था। कई पुलिसकर्मी दूर-दराज क्षेत्रों से आकर ड्यूटी करते थे, जिससे उन्हें असुविधा होती थी और समय पर ड्यूटी में भी बाधाएं आती थीं। अब नए आवासीय भवन के निर्माण से इस समस्या का स्थायी समाधान होने की उम्मीद है।
प्रस्तावित भवन में पुलिसकर्मियों के रहने के लिए आधुनिक सुविधाओं से युक्त आवास बनाए जाएंगे, जिससे वे अपने परिवार के साथ सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण में रह सकेंगे। इससे पुलिसकर्मियों का मनोबल भी बढ़ेगा और वे अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन और अधिक प्रभावी ढंग से कर सकेंगे।
वहीं स्थानीय लोगों का मानना है कि इस पहल से क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को और मजबूती मिलेगी। साथ ही, किसी भी आपात स्थिति में पुलिस का रिस्पॉन्स टाइम भी बेहतर होगा। कुल मिलाकर, यह परियोजना न केवल पुलिसकर्मियों के लिए बल्कि आम जनता की सुरक्षा के लिए भी एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

