home page

प्रोजेक्ट नई किरण की पहल : महिला थाना में काउंसलिंग एवं सुलह-समझौते से 22 परिवारों में लौटी खुशियां

 | 
प्रोजेक्ट नई किरण की पहल : महिला थाना में काउंसलिंग एवं सुलह-समझौते से 22 परिवारों में लौटी खुशियां


औरैया, 14 जून (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद के पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती के निर्देश पर रविवार को महिला थाना ककोर में महिला थाना प्रभारी की अध्यक्षता में प्रोजेक्ट नई किरण के अंतर्गत विशेष काउंसलिंग एवं सुलह-समझौता कार्यक्रम किया गया। इसमें पारिवारिक विवादों से संबंधित कुल 60 प्रकरणों पर सुनवाई की गई।

इस कार्यक्रम में इन मामलों में 22 ऐसे परिवार शामिल थे, जो आपसी वैचारिक मतभेद, मनमुटाव और घरेलू कलह के कारण लंबे समय से अलग-अलग रह रहे थे। लगातार बढ़ते विवादों के चलते उनके परिवार टूटने की स्थिति में पहुंच गए थे। महिला थाना पुलिस और प्रोजेक्ट नई किरण की टीम ने दोनों पक्षों की बात गंभीरता से सुनी तथा उन्हें समझाकर आपसी मतभेद दूर कराने का प्रयास किया।

काउंसलिंग के बाद 22 दंपति अपने गिले-शिकवे भुलाकर पुनः साथ रहने के लिए सहमत हो गए। इसके बाद सभी परिवारों को आपसी सौहार्द और खुशियों के साथ एक-दूसरे के साथ विदा किया गया। इस पहल से कई परिवारों में फिर से खुशियों का माहौल लौट आया। पुलिस विभाग द्वारा संचालित प्रोजेक्ट नई किरण का उद्देश्य पारिवारिक विवादों का सौहार्दपूर्ण समाधान कर बिखरते परिवारों को एक सूत्र में बांधना तथा सामाजिक समरसता को मजबूत करना है। कार्यक्रम के दौरान प्रोजेक्ट नई किरण से जुड़े अन्य सदस्य एवं महिला थाना स्टाफ भी मौजूद रहा। महिला थाना पुलिस ने कहा कि भविष्य में भी इस प्रकार की काउंसलिंग के माध्यम से परिवारों को टूटने से बचाने और वैवाहिक जीवन में सामंजस्य स्थापित करने के प्रयास लगातार जारी रहेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार