home page

औरैया : महिला थाना की पहल रंग लाई, काउंसलिंग से 11 परिवारों में लौटी खुशियां

 | 
औरैया : महिला थाना की पहल रंग लाई, काउंसलिंग से 11 परिवारों में लौटी खुशियां


औरैया, 12 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद पुलिस अधीक्षक औरैया के निर्देशन में रविवार को महिला थाना परिसर में प्रोजेक्ट नई किरण के अंतर्गत विशेष काउंसलिंग सत्र का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महिला थाना प्रभारी पूजा राठौर ने की।

इस दौरान लंबे समय से आपसी विवाद और वैचारिक मतभेद के कारण अलग-अलग रह रहे 11 दंपतियों की काउंसलिंग कर उनके रिश्तों में आई दूरियों को खत्म करने का प्रयास किया गया।

काउंसलिंग के दौरान दोनों पक्षों की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया और उन्हें आपसी विश्वास, संवाद तथा पारिवारिक जिम्मेदारियों का महत्व समझाया गया। समझाइश के बाद सभी 11 दंपति अपने मतभेद भुलाकर पुनः साथ रहने के लिए सहमत हो गए। इसके बाद पुलिस टीम ने सभी परिवारों को शुभकामनाओं के साथ खुशी-खुशी उनके घर रवाना किया।

महिला थाना प्रभारी पूजा राठौर ने बताया कि प्रोजेक्ट नई किरण का मुख्य उद्देश्य पारिवारिक विवादों का सौहार्दपूर्ण समाधान कर टूटते परिवारों को फिर से जोड़ना है। यह पहल परिवारों में आपसी विश्वास और सामंजस्य बनाए रखने के साथ समाज में सकारात्मक वातावरण स्थापित करने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है।

कार्यक्रम में प्रोजेक्ट नई किरण से जुड़े अन्य सदस्यों ने काउंसलिंग प्रक्रिया को सफल बनाने में सहयोग प्रदान किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार