home page

औरैया : रंगमंच पर दिखाई जाएगी प्रधानमंत्री की 25 वर्ष की सेवा यात्रा

 | 
औरैया : रंगमंच पर दिखाई जाएगी प्रधानमंत्री की 25 वर्ष की सेवा यात्रा


औरैया, 20 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा, समर्पण और सुशासन के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ओर से चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले में ‘नमो सेवा-अनकही कहानियां’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके तहत नाट्य मंचन के माध्यम से प्रधानमंत्री की सेवा यात्रा और जनकल्याण से जुड़े प्रसंगों को जनता के सामने प्रस्तुत किया जाएगा।

तुर्कीपुर स्थित भाजपा जिला कार्यालय में रविवार को आयोजित प्रेसवार्ता में जिलाध्यक्ष सर्वेश कठेरिया ने बताया कि कार्यक्रम के तहत प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में 10-10 नुक्कड़ नाटक तथा प्रत्येक विधानसभा में एक विशेष एवं भव्य नाट्य मंचन की प्रस्तुति आयोजित की जाएगी। कार्यक्रम 24 से 27 सितंबर तक संपन्न होंगे।

उन्होंने बताया कि नाट्य मंचन में गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में नरेन्द्र मोदी के कार्यकाल से लेकर प्रधानमंत्री के रूप में देश की सेवा तक की यात्रा को संवाद, अभिनय, संगीत और प्रभावशाली मंचन के माध्यम से दर्शाया जाएगा। ‘नमो सेवा-अनकही कहानियां’ की प्रस्तुति को सरल, संवेदनशील और संगीतमय स्वरूप दिया गया है, जिससे सेवा यात्रा और जनकल्याण के संदेश को समाज के प्रत्येक वर्ग तक सहजता से पहुंचाया जा सके।

कुशल कलाकार जीवंत अभिनय और प्रभावशाली संवादों के माध्यम से सेवा, समर्पण, अंत्योदय और राष्ट्र निर्माण से जुड़े प्रेरक प्रसंगों को मंच पर साकार करेंगे। स्कूलों, कॉलेजों, पंचायतों, सामुदायिक केंद्रों और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर भी इन प्रस्तुतियों के माध्यम से जनसंवाद स्थापित किया जाएगा।

प्रेसवार्ता में जिला मीडिया प्रभारी भूरे चौबे, जिला उपाध्यक्ष रजनीश पाण्डेय और कार्यक्रम संयोजक माधव राजपूत मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार