औरैया में अवैध प्लाटिंग ध्वस्त, पांच एकड़ भूमि पर प्रशासन ने की सख्त कार्रवाई
औरैया, 02 अप्रैल (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में अवैध प्लाटिंग के खिलाफ जिला प्रशासन ने एक बार फिर सख्त कार्रवाई करते हुए करीब पांच एकड़ भूमि पर की गई अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त करा दिया। यह कार्रवाई जिलाधिकारी के निर्देश पर उपजिलाधिकारी सदर अजय आनन्द वर्मा के नेतृत्व में की गई। मामला औरैया-दिबियापुर रोड स्थित ग्राम सेहुद की गाटा संख्या 2409 से जुड़ा है, जहां लंबे समय से अवैध रूप से प्लाटिंग की जा रही थी।
कार्रवाई के दौरान उपजिलाधिकारी अजय आनन्द वर्मा के साथ जिला पंचायत औरैया के अपर मुख्य अधिकारी सुभाष चन्द्र भारतीय सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। मौके पर जेसीबी मशीनों की मदद से अवैध निर्माणों को गिराया गया। इस दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए दिबियापुर पुलिस भी भारी संख्या में तैनात रही।
अतिक्रमण हटाने के दौरान कुछ स्थानीय लोगों द्वारा विरोध भी किया गया, लेकिन उपजिलाधिकारी के निर्देश पर पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित कर लिया और कार्रवाई को बिना किसी बाधा के पूरा कराया। प्रशासन के अनुसार अवैध प्लाटिंग करने वालों को पहले ही नियमानुसार नोटिस जारी किया गया था, लेकिन उनकी ओर से कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया और न ही प्लाटिंग को वैध कराने के लिए कोई कदम उठाया गया।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनपद में अवैध प्लाटिंग और अतिक्रमण के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी प्रकार कड़ी कार्रवाई की जाएगी, ताकि अवैध कब्जों पर रोक लगाई जा सके और सरकारी भूमि की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

