पर्यावरण संरक्षण के संकल्प को लेकर द्वारकाधीश मंदिर में हुआ पौधरोपण
औरैया, 19 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में समाजसेवी संस्था एक विचित्र पहल सेवा समिति की ओर से चलाए जा रहे 'जीवनधारा पौधारोपण अभियान-5100' के तहत रविवार सुबह प्रार्थना नर्सिंग होम के समीप स्थित द्वारकाधीश मंदिर परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए। अभियान के दौरान पौधों की देखभाल और संरक्षण की जिम्मेदारी मंदिर के सेवादारों को सौंपी गई।
पौधरोपण के बाद आयोजित पर्यावरण गोष्ठी में समिति के संस्थापक आनंद नाथ गुप्ता एडवोकेट ने कहा कि पेड़-पौधे विपरीत परिस्थितियों में भी मुस्कुराने की प्रेरणा देते हैं और मानव जीवन के लिए इनका महत्व सर्वोपरि है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक पौधरोपण और उनकी नियमित देखभाल आवश्यक है। समिति शहर और ग्रामीण क्षेत्रों के मंदिरों, मस्जिदों, गुरुद्वारों, सार्वजनिक स्थलों, पार्कों और मार्गों पर ऑक्सीजन देने वाले दीर्घायु पौधों का रोपण कर रही है। साथ ही लोगों को उनकी पसंद के पौधे निःशुल्क भी उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
मंदिर परिसर में मधुकामिनी, मालती बेल, हरसिंगार, बेलपत्र, चांदनी, गुड़हल, अशोक, चितवन और कदम सहित कई पौधे लगाए गए। गोष्ठी के अंत में उपस्थित लोगों ने अधिक से अधिक पौधरोपण करने तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर धर्म नारायण अग्रवाल (लोली), अंजू अग्रवाल, डॉ. उपेंद्रनाथ मिश्रा, मनीष पुरवार (हीरू), तेज बहादुर वर्मा, राकेश गुप्ता, राम आसरे गुप्ता, संतोष पोरवाल, अनिल कुमार सोनी, संतोष कुशवाहा, शिवपाल, राजीव पोरवाल (रानू), आनंद नाथ गुप्ता एडवोकेट, सतीश कुमार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

