home page

औरैया में युवकाें ने डीजे लदी पिकअप और कार पर बरसाए डंडे, शीशे तोड़े

 | 
औरैया में युवकाें ने डीजे लदी पिकअप और कार पर बरसाए डंडे, शीशे तोड़े


औरैया, 10 अगस्त (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में बिधूना तहसील क्षेत्र के रुरुगंज चौकी के गांव बीराऊसर के समीप सोमवार सुबह करीब नौ बजे बाइक सवार दाे युवकों द्वारा डीजे लदी पिकअप और कार पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि बाइक सवार युवकों ने वाहनों पर डंडे बरसाकर उनके शीशे तोड़ दिए। अचानक हुए हमले से वाहन सवारों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

मोहम्दाबाद, अछल्दा निवासी हर्षित शुक्ला पुत्र राजीव शुक्ला ने डायल 112 पर पुलिस को घटना की सूचना दी। पिकअप चालक हरिओम निवासी अछल्दा ने पुलिस को बताया कि करीब 20 लोगों की टीम डीजे लदी पिकअप और कार से जा रही थी। इसी दौरान बीराऊसर गांव के पास बाइक सवार दो अज्ञात युवकों ने वाहनों को रोककर डंडों से हमला कर दिया। हमले में वाहनों के शीशे क्षतिग्रस्त हो गए।

पीड़ितों के मुताबिक, हमलावरों में शामिल एक युवक की टीशर्ट पर ‘नगला चिंता’ लिखा हुआ था। घटना के बाद आरोपित मौके से भाग निकले। हमले के कारणों को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है।

घटना की जानकारी मिलते ही रुरुगंज चौकी प्रभारी अजय प्रताप सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण कर वाहन सवारों से घटना की जानकारी ली। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही हमलावरों की पहचान के प्रयास में जुटी है।

पुलिस का कहना है कि तहरीर और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद क्षेत्र में पुलिस ने सतर्कता बढ़ा दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार