“ऑपरेशन कन्विक्शन” में औरैया पुलिस को बड़ी सफलता
जून 2026 में 21 मामलों में अपराधियों को मिली सजा, कई को कठोर कारावास व अर्थदंड
औरैया, 03 जुलाई (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन कन्विक्शन” अभियान के तहत माह जून 2026 में विभिन्न थानों पर पंजीकृत गंभीर एवं चर्चित अभियोगों में प्रभावी पैरवी के चलते 21 मामलों में अपराधियों को न्यायालय से सजा दिलाई गई। पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश, अपर पुलिस महानिदेशक कानपुर जोन, पुलिस उपमहानिरीक्षक कानपुर परिक्षेत्र तथा पुलिस अधीक्षक औरैया के निर्देशन में मॉनिटरिंग सेल, विशेष लोक अभियोजकों एवं संबंधित थाना पुलिस की सक्रिय पैरवी से यह सफलता हासिल हुई।
पुलिस विभाग के अनुसार, चिन्हित सनसनीखेज एवं जघन्य अपराधों में त्वरित सुनवाई और प्रभावी साक्ष्यों के आधार पर न्यायालय ने दोषियों को कठोर कारावास एवं अर्थदंड की सजा सुनाई। इनमें पॉक्सो एक्ट, दुष्कर्म, आर्म्स एक्ट, एक्साइज एक्ट, सड़क दुर्घटना तथा मारपीट जैसे मामलों के आरोपी शामिल हैं।
सबसे प्रमुख मामलों में थाना अजीतमल के मुकदमा संख्या 232/2019 में दुष्कर्म एवं पॉक्सो एक्ट से संबंधित अभियुक्त को सश्रम आजीवन कारावास तथा 30 हजार रुपये के अर्थदंड की सजा सुनाई गई। वहीं थाना कोतवाली औरैया के मुकदमा संख्या 125/2020 में अभियुक्त सुनील को 15 वर्ष के सश्रम कारावास एवं 25 हजार रुपये अर्थदंड से दंडित किया गया। थाना अजीतमल के एक अन्य मामले में अभियुक्त जीतू को चार वर्ष के सश्रम कारावास और 25 हजार रुपये के अर्थदंड की सजा मिली।
इसके अतिरिक्त विभिन्न थानों में दर्ज आर्म्स एक्ट, एक्साइज एक्ट, मारपीट, सड़क दुर्घटना एवं अन्य मामलों में भी अभियुक्तों को जेल में बिताई गई अवधि की सजा, न्यायालय उठने तक की सजा तथा आर्थिक दंड से दंडित किया गया।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने बताया कि “ऑपरेशन कन्विक्शन” का उद्देश्य गंभीर अपराधों में त्वरित न्याय सुनिश्चित करना और अपराधियों में कानून का भय उत्पन्न करना है। उन्होंने कहा कि जनपद पुलिस आगे भी प्रभावी पैरवी कर अपराधियों को सजा दिलाने के लिए लगातार प्रयासरत रहेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

