home page

औरैया : पिछड़ा वर्ग आरक्षण को लेकर आयोग ने जुटाए जमीनी तथ्य

 | 
औरैया : पिछड़ा वर्ग आरक्षण को लेकर आयोग ने जुटाए जमीनी तथ्य


औरैया, 26 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश राज्य स्थानीय ग्रामीण निकाय समर्पित पिछड़ा वर्ग आयोग की बैठक बुधवार को विकास भवन सभागार में आयोग के अध्यक्ष न्यायमूर्ति राम औतार सिंह की अध्यक्षता में हुई। बैठक में आगामी स्थानीय निकाय चुनावों में पिछड़ा वर्ग के आरक्षण को लेकर आवश्यक तथ्यों, जमीनी स्थिति और जनप्रतिनिधियों के सुझावों पर विस्तार से मंथन किया गया।

आयोग के सदस्यों ने जनप्रतिनिधियों से ग्रामीण क्षेत्रों में पिछड़ा वर्ग की जनसंख्या, सामाजिक, शैक्षिक, आर्थिक और राजनीतिक स्थिति की जानकारी ली। विभिन्न पिछड़ा वर्ग समुदायों की संख्या, उनकी सामाजिक स्थिति तथा शिक्षा के स्तर के साथ बच्चों की उच्च एवं तकनीकी शिक्षा तक पहुंच के बारे में भी जानकारी जुटाई गई।

बैठक में पिछड़ा वर्ग के परिवारों की आवासीय स्थिति, शौचालय, पेयजल, बिजली, सड़क और स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाओं तक पहुंच के संबंध में भी क्षेत्रवार जानकारी ली गई। इसके अलावा कृषि, पशुपालन, मजदूरी, छोटे व्यवसाय और स्वरोजगार सहित आजीविका के प्रमुख साधनों तथा रोजगार एवं आर्थिक उन्नति में आने वाली बाधाओं पर जनप्रतिनिधियों से सुझाव लिए गए।

आयोग ने ग्राम पंचायत, क्षेत्र पंचायत और जिला पंचायत स्तर पर पिछड़ा वर्ग के राजनीतिक प्रतिनिधित्व एवं भागीदारी की वर्तमान स्थिति का भी जमीनी अध्ययन किया। जनप्रतिनिधियों ने अपने क्षेत्रों की समस्याओं और स्थानीय निकायों में पिछड़ा वर्ग के प्रतिनिधित्व से जुड़े सुझाव आयोग के समक्ष रखे।

अध्यक्ष राम औतार सिंह ने कहा कि जनप्रतिनिधियों से प्राप्त तथ्य और क्षेत्रीय अनुभव आयोग की रिपोर्ट तैयार करने तथा आरक्षण संबंधी अनुशंसाओं के लिए महत्वपूर्ण आधार होंगे।

बैठक में आयोग के सदस्य बृजेश कुमार, संतोष कुमार विश्वकर्मा, डॉ. अरविंद कुमार चौरसिया, एसपी सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष कमल दोहरे, मुख्य विकास अधिकारी राम कृपाल चौधरी समेत ब्लॉक प्रमुख, जिला पंचायत सदस्य, क्षेत्र पंचायत सदस्य, ग्राम प्रधान व संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार