चैत्र नवरात्र की नवमी पर औरैया में कन्या पूजन व भोज का आयोजन, की गई पुष्प वर्षा
-चैत्र नवरात्र नवमी पर धीरजपुर में कन्या पूजन व भव्य कन्या भोज का आयोजन
औरैया, 27 मार्च (हि. स.) । चैत्र नवरात्र की नवमी पर समाजसेवी संगठन एक विचित्र पहल सेवा समिति रजि. औरैया द्वारा शुक्रवार को ग्राम धीरजपुर स्थित ग्रामीण कार्यालय में कन्या पूजन एवं कन्या भोज का आयोजन किया गया। सुबह से शुरू हुए इस कार्यक्रम में श्रद्धा और भक्ति का माहौल देखने को मिला, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु, महिलाएं और बच्चे उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान नन्हीं कन्याओं को देवी स्वरूप मानते हुए उनके मस्तक पर रोली का तिलक लगाया गया, पुष्प वर्षा की गई तथा विधिवत आरती कर पूजन किया गया। इसके बाद कन्याओं को प्रसाद स्वरूप पूड़ी, सब्जी और मिष्ठान सहित भोजन कराया गया। आयोजन में कन्याओं को दक्षिणा, फल, उपहार और नमकीन भेंट कर सम्मानित किया गया। बच्चों द्वारा सामूहिक रूप से माता के जयघोष के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
कार्यक्रम संयोजक समाजसेवी एल.एन. गुप्ता एवं उनकी धर्मपत्नी पुष्पा गुप्ता का आयोजन में विशेष योगदान रहा। समिति के संस्थापक आनंद नाथ गुप्ता एडवोकेट ने बताया कि धीरजपुर स्थित इस ग्रामीण कार्यालय में नवरात्र के अवसर पर प्रतिवर्ष दो बार कन्या पूजन और कन्या भोज का आयोजन विधि-विधान के साथ किया जाता है।
महिला शाखा ‘तुलसी’ की प्रभारी बबिता ने बताया कि नवरात्र के नौ दिनों में मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की पूजा अत्यंत शुभ और फलदायी मानी जाती है। विशेष रूप से अष्टमी और नवमी के दिन कन्या पूजन का महत्व अधिक होता है। मान्यता है कि कन्याओं में देवी दुर्गा के विभिन्न रूपों का वास होता है और सच्चे मन से उनकी सेवा करने से मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। कार्यक्रम में समिति के अध्यक्ष राजीव पोरवाल (रानू), अनीता पोरवाल, प्रखर गुप्ता, तारावती, हरगोविंद तिवारी, धर्म अग्रवाल, प्रदीप सिंह सेंगर, धर्मेंद्र कुमार, हिमांशु दुबे, सतीश कुमार सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। इसके अलावा बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं, बच्चे और श्रद्धालु भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

