home page

'प्रोजेक्ट नई किरण' से फिर रोशन हुए नौ परिवार, पुलिस की पहल से पति-पत्नियों में हुआ समझौता

 | 
'प्रोजेक्ट नई किरण' से फिर रोशन हुए नौ परिवार, पुलिस की पहल से पति-पत्नियों में हुआ समझौता


औरैया, 26 जुलाई (हि. स.)। परिवारों को टूटने से बचाने और वैवाहिक जीवन में आपसी सामंजस्य स्थापित करने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में पुलिस द्वारा संचालित 'प्रोजेक्ट नई किरण' के तहत रविवार को महिला थाना परिसर में काउंसलिंग का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती के निर्देशन में महिला थाना प्रभारी पूजा राठौर ने की।

काउंसलिंग में ऐसे नौ परिवारों के मामलों की सुनवाई की गई, जो आपसी वैचारिक मतभेद और पारिवारिक विवादों के कारण लंबे समय से अलग रह रहे थे। पति-पत्नी के बीच बढ़ती दूरियों के चलते परिवार टूटने की स्थिति में पहुंच चुके थे।

महिला थाना पुलिस एवं प्रोजेक्ट नई किरण की टीम ने दोनों पक्षों की बातें गंभीरता से सुनीं और धैर्यपूर्वक समझाइश देकर उनके बीच उत्पन्न मनमुटाव और विवाद को दूर कराया। काउंसलिंग के बाद सभी नौ दंपति एक साथ रहने के लिए सहमत हो गए। इसके बाद उन्हें शुभकामनाओं के साथ हंसी-खुशी उनके परिवारों के साथ विदा किया गया।

महिला थाना प्रभारी पूजा राठौर ने बताया कि प्रोजेक्ट नई किरण का उद्देश्य बिखरते परिवारों को जोड़ना, दंपतियों के बीच संवाद स्थापित कर विवादों का शांतिपूर्ण समाधान कराना तथा बच्चों और परिवार के भविष्य को सुरक्षित रखना है। उन्होंने कहा कि आपसी बातचीत, विश्वास और समझदारी से अधिकांश पारिवारिक विवादों का समाधान संभव है।

कार्यक्रम के दौरान प्रोजेक्ट नई किरण से जुड़े अन्य सदस्य भी मौजूद रहे और उन्होंने परिवारों को सौहार्दपूर्ण वातावरण में जीवन व्यतीत करने तथा छोटी-छोटी बातों को संवाद के माध्यम से सुलझाने की सलाह दी। पुलिस की इस पहल की परिजनों ने सराहना करते हुए इसे समाजहित में एक सकारात्मक प्रयास बताया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार