home page

औरैया में प्रोजेक्ट नई किरण में 17 बिखरे परिवारों का हुआ पुनर्मिलन

 | 

औरैया, 21 जून (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में रविवार को महिला थाना ककोर में महिला थाना प्रभारी पूजा राठौर की अध्यक्षता में “प्रोजेक्ट नई किरण” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान पारिवारिक विवादों से जुड़ी कुल 55 फाइलों पर सुनवाई की गई। सुनवाई के दौरान ऐसे 17 परिवारों को आपसी समझाइश और काउंसलिंग के माध्यम से फिर से एक साथ रहने के लिए राजी किया गया, जो लंबे समय से वैचारिक मतभेद और पारिवारिक कलह के कारण अलग रह रहे थे। कई परिवार टूटने की कगार पर पहुंच चुके थे, लेकिन महिला थाना टीम के प्रयासों से पति-पत्नी के बीच उत्पन्न मनमुटाव को दूर कराया गया।

काउंसलिंग के बाद सभी परिवारों ने आपसी सहमति से साथ रहने का निर्णय लिया, जिसके बाद उन्हें खुशी-खुशी विदा किया गया। पुलिस विभाग द्वारा संचालित “प्रोजेक्ट नई किरण” के अंतर्गत बिखरे परिवारों को पुनः एक सूत्र में बांधने का लगातार प्रयास किया जा रहा है। इस अवसर पर प्रोजेक्ट नई किरण से जुड़े अन्य सदस्य भी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार