औरैया: वन्य प्राणी सप्ताह में स्वच्छता का संदेश, खानपुर नगर वन में चला सफाई अभियान
औरैया, 03 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में वन्य प्राणी सप्ताह एवं स्वच्छता ही सेवा कार्यक्रम के तहत शनिवार को खानपुर नगर वन में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। प्रभागीय वनाधिकारी के निर्देश पर क्षेत्रीय कार्यालय औरैया एवं जिला गंगा समिति के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में वन विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों और अन्य प्रतिभागियों ने नगर वन परिसर में साफ-सफाई की। कार्यक्रम के दौरान लोगों को वन्यजीव संरक्षण, पर्यावरण सुरक्षा एवं स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया।
प्रतिभागियों को वन्यजीवों और उनके प्राकृतिक आवासों के संरक्षण के साथ ही वन क्षेत्रों, सार्वजनिक स्थलों तथा आसपास के वातावरण को स्वच्छ एवं प्लास्टिक मुक्त रखने के लिए प्रेरित किया गया।
वन विभाग एवं जिला गंगा समिति के अधिकारियों और कर्मचारियों ने अभियान में सक्रिय सहभागिता कर स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। वक्ताओं ने कहा कि वन्यजीव और प्राकृतिक संसाधन पारिस्थितिकी तंत्र के महत्वपूर्ण अंग हैं। इनके संरक्षण के लिए आमजन की सहभागिता और सामूहिक प्रयास जरूरी हैं।
वन्य रेंज अधिकारी डीसी गौतम ने बताया कि उक्त कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों में प्रकृति, वन्यजीव संरक्षण, पर्यावरण सुरक्षा एवं स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना रहा। साथ ही स्वच्छ एवं हरित वातावरण के निर्माण में जनभागीदारी बढ़ाने का संदेश दिया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

