सामूहिक विवाह समारोह में गूंजे शहनाई के स्वर, विधायक प्रदीप यादव ने नवदंपतियाें को दिया आशीर्वाद
औरैया, 01 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में फफूंद नगर स्थित श्री राधा कृष्ण इंटर कॉलेज कटरा में आयोजित नौवां सर्व समाज सामूहिक विवाह समारोह हर्षोल्लास और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ बुधधार काे संपन्न हुआ। समारोह में पांच नवयुगलों का विवाह वैदिक मंत्रोच्चार और अग्नि को साक्षी मानकर कराया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पहुंचे परिजनों, रिश्तेदारों और गणमान्य लोगों ने नवदंपतियों को आशीर्वाद देकर उनके सुखद वैवाहिक जीवन की कामना की।
प्रत्येक जोड़े के लिए अलग-अलग विवाह मंडप बनाए गए थे। सुबह से ही वर और वधू पक्ष के लोगों का पहुंचना शुरू हो गया था। बैण्ड-बाजों के साथ दूल्हों की बारात डिग्री कॉलेज परिसर से धूमधाम के साथ निकाली गई, जिसका इंटर कॉलेज परिसर में भव्य स्वागत किया गया। इसके बाद सभी जोड़ों ने हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार सात फेरे लेकर एक-दूसरे का साथ निभाने की शपथ ली।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे दिबियापुर विधायक प्रदीप यादव ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए कहा कि सामूहिक विवाह जैसी पहल समाज को नई दिशा देने का कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में बढ़ती फिजूलखर्ची को रोकने के लिए सामूहिक विवाह एक बेहतर विकल्प है और इससे गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों को काफी राहत मिलती है।
आयोजकों की ओर से नवदंपतियों को गृहस्थी का सामान भी भेंट किया गया, जिसमें फ्रिज, कूलर, अलमारी, बेड, टीवी, मेज-कुर्सी सहित अन्य उपयोगी वस्तुएं शामिल रहीं। समाजसेवियों और अतिथियों ने नवदंपत्तियों को सुखमय जीवन की शुभकामनाएं दीं।
समारोह में विजय पुत्र सुरेश निवासी रामनगर कुआपुरा जनपद इटावा का विवाह ज्योति पुत्री धनीराम निवासी हारामऊ कानपुर देहात, रवि कुमार पुत्र सुरेश सिंह निवासी जमतापुर कानपुर देहात का विवाह पूजा पुत्री म्याप्रसाद निवासी प्रतापपुर उसरारी औरैया, सत्यभान सिंह पुत्र तूफान सिंह निवासी रानीपुरा मैनपुरी का विवाह जूली पुत्री आधार सिंह निवासी नरैनी भरथना इटावा, कृष्ण पुत्र प्रीतम सिंह निवासी लक्ष्मनपुर औरैया का विवाह अर्चना पुत्री जगदीश निवासी सिथरा कानपुर देहात तथा मुकेश पुत्र हरभजन निवासी बेड़ामऊ कानपुर का विवाह उजाला पुत्री बीरेंद्र सिंह निवासी रामपुर औरैया के साथ संपन्न कराया गया।
कार्यक्रम में पूर्व राज्यमंत्री अतर सिंह नायक, प्रवीन राठौर, बच्चन सिंह पूर्व प्रधान, बब्लू नायक सहित कई लोगों ने सहयोग प्रदान किया। श्री राधा कृष्ण इंटर कॉलेज कटरा के प्रधानाचार्य सुधीर त्रिपाठी ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सामूहिक विवाह समाज में भाईचारे और सहयोग की भावना को मजबूत करता है।
इस अवसर पर आकृति त्रिपाठी, शिक्षक गिरीश चंद्र दुबे, धर्मपाल सिंह शर्मा, रजनीश दुबे, यदुवीर सिंह, ईश्वर दयाल, कौशलेन्द्र, हरि नारायण, पुष्पेंद्र यादव, अशोक कुमार, शिव शर्मा, कुलदीप अवस्थी सहित अनेक लोग मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

