home page

अंतरराष्ट्रीय मित्रता दिवस पर अभिनंदन कार्यक्रम का भव्य आयोजन, पुष्प भेंट कर निभाई मित्रता की मिसाल

 | 
अंतरराष्ट्रीय मित्रता दिवस पर अभिनंदन कार्यक्रम का भव्य आयोजन, पुष्प भेंट कर निभाई मित्रता की मिसाल


समिति के सदस्यों ने एक-दूसरे को पुष्प भेंट कर पवित्र मित्रता का संकल्प लिया

सच्ची मित्रता, सहयोग और सामाजिक समरसता बनाए रखने की दिलाई गई शपथ

औरैया, 30 जुलाई (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में एक विचित्र पहल सेवा समिति के तत्वावधान में गुरुवार प्रातः गौरैया तालाब पार्क में अंतरराष्ट्रीय मित्रता दिवस के अवसर पर अभिनंदन कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समिति के सदस्यों ने एक-दूसरे को पुष्प भेंट कर मित्रता की खुशियां साझा कीं और जीवनभर सच्ची, निस्वार्थ एवं पवित्र मित्रता निभाने का सामूहिक संकल्प लिया।

इस अवसर पर आयोजित विचार गोष्ठी में समिति के अध्यक्ष राजीव पोरवाल (रानू) ने कहा कि आपसी तालमेल, सहयोग और समर्पण की भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से संयुक्त राष्ट्र महासभा ने वर्ष 2011 में अंतरराष्ट्रीय मित्रता दिवस मनाने की घोषणा की थी। उन्होंने कहा कि मित्रता समाज में भाईचारे और सद्भाव को मजबूत करने का सशक्त माध्यम है।

योगाचार्य राम लखन शुक्ला ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि मित्रता ऐसा पवित्र रिश्ता है, जो जाति, धर्म, ऊंच-नीच और भेदभाव से ऊपर उठकर लोगों को जोड़ता है तथा जीवन में सही मार्ग दिखाने का कार्य करता है। वहीं समिति के संस्थापक आनन्द नाथ गुप्ता एडवोकेट ने कहा कि सच्ची मित्रता भावनाओं और विचारों को जोड़ने वाला मजबूत सेतु होती है, हालांकि वर्तमान समय में सच्चा मित्र मिलना कठिन होता जा रहा है।

कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित सभी लोगों ने बिना किसी भेदभाव के सच्ची मित्रता कायम रखने तथा समाज में प्रेम, विश्वास और सहयोग की भावना को आगे बढ़ाने की शपथ ली।

इस अवसर पर योग प्रशिक्षक राम लखन शुक्ला, अशोक कुमार अग्रवाल, राजमोहन तिवारी, रामजी गुप्ता, अनिल चौबे, भुवनेश गुप्ता, विपिन कुमार अग्रवाल, आलोक त्रिपाठी, पर्यावरण प्रहरी मनीष पुरवार (हीरू), राकेश गुप्ता (बैंक वाले), सुरेश चंद्र, राजेंद्र त्रिपाठी, लालजी अग्रवाल, कुलदीप बाजपेई, अध्यक्ष राजीव पोरवाल, चंद्रपाल यादव, सतीश चंद्र तथा संस्थापक आनन्द नाथ गुप्ता एडवोकेट सहित समिति के अनेक सदस्य उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार