home page

औरैया : आटा मिलों पर खाद्य सुरक्षा विभाग का शिकंजा, 1021 किलो आटा सीज

 | 
औरैया : आटा मिलों पर खाद्य सुरक्षा विभाग का शिकंजा, 1021 किलो आटा सीज


औरैया, 04 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने मंगलवार को जिले में आटा मिलों के खिलाफ सघन जांच अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान दो आटा मिलों से कुल 1021 किलोग्राम गेहूं का आटा सीज किया गया और दो नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए। निरीक्षण में लेबलिंग, पैकेजिंग और स्वच्छता संबंधी मानकों में कमियां मिलने पर संबंधित कारोबारियों को सुधार के लिए नोटिस भी जारी किए गए हैं।

खाद्य सुरक्षा अधिकारी विजय कुमार श्रीवास एवं अनिल कुमार संखवार के नेतृत्व में टीम ने सबसे पहले मिनी इंडस्ट्रियल एरिया स्थित एक आटा मिल का निरीक्षण किया। यहां से गेहूं के आटे का नमूना लेकर 698 किलोग्राम आटा सीज किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 20,242 रुपये है। इसके बाद टीम ने मधुपुर स्थित एक अन्य आटा मिल में छापेमारी कर 323 किलोग्राम गेहूं का आटा सीज किया, जिसकी अनुमानित कीमत 9,690 रुपये आंकी गई।

अभियान के दौरान दोनों प्रतिष्ठानों से लिए गए आटे के नमूने खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला भेजे गए हैं। विभाग का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान दोनों आटा मिलों में खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत निर्धारित लेबलिंग, पैकेजिंग तथा हाइजीन एवं सेनिटेशन (शेड्यूल-4) के मानकों का पूर्ण अनुपालन नहीं पाया गया। इस पर संबंधित खाद्य कारोबारियों को सुधार नोटिस जारी किए जा रहे हैं।

इस दौरान फूड सेफ्टी ऑन व्हील मोबाइल प्रयोगशाला के माध्यम से भी 10 खाद्य नमूनों की मौके पर जांच की गई। इनमें दो नमूने मानकों के अनुरूप नहीं पाए गए। संबंधित कारोबारियों को आवश्यक सुधार के निर्देश दिए गए। विभागीय अधिकारियों ने अभियान के दौरान खाद्य कारोबारियों और आमजन को सुरक्षित एवं मानक खाद्य पदार्थों के उपयोग के प्रति जागरूक भी किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार