home page

अवैध खनन पर प्रशासन का बड़ा शिकंजा, चार डम्पर पकड़े, तीन सीज

 | 
अवैध खनन पर प्रशासन का बड़ा शिकंजा, चार डम्पर पकड़े, तीन सीज


औरैया, 17 जून (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में अवैध खनन और बिना अनुमति खनिज परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने बुधवार सुबह बड़ी कार्रवाई की। एसडीएम सदर अजय आनंद वर्मा के नेतृत्व में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान 44 वाहनों की सघन चेकिंग की गई, जिसमें चार डम्पर अवैध खनिज परिवहन करते पकड़े गए। कार्रवाई के दौरान खनन अधिकारी वशिष्ठ यादव भी मौजूद रहे।

जांच में पकड़े गए चारों डम्परों पर कुल ₹2.54 लाख से अधिक का जुर्माना लगाया गया। इनमें से एक वाहन को जुर्माना जमा कराने के बाद छोड़ दिया गया, जबकि तीन डम्परों को सीज कर देवकली पुलिस चौकी में खड़ा करा दिया गया।

प्रशासनिक अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जनपद में अवैध खनन और राजस्व क्षति पहुंचाने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। अधिकारियों ने कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार