home page

आईजीआरएस निस्तारण में औरैया प्रदेश के टॉप 10 में शामिल

 | 
आईजीआरएस निस्तारण में औरैया प्रदेश के टॉप 10 में शामिल


मंडल स्तर पर जिले ने हासिल किया प्रथम स्थान, गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर जोर

औरैया, 10 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में जन शिकायतों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण में औरैया ने एक बार फिर बेहतर प्रदर्शन किया है। शासन की ओर से जारी अगस्त 2026 की आईजीआरएस (एकीकृत शिकायत निवारण प्रणाली) रैंकिंग में जनपद को प्रदेश के टॉप-10 जिलों में स्थान मिला है। वहीं मंडल स्तर पर औरैया ने प्रथम स्थान हासिल किया है।

ई-डिस्ट्रिक्ट प्रबंधक विपिन पाल ने गुरुवार को बताया कि अगस्त में आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों का संबंधित विभागों ने निर्धारित समय सीमा में निस्तारण किया। शिकायतों के निस्तारण में समयबद्धता के साथ गुणवत्ता, तथ्यपरक जांच, पारदर्शिता और शिकायतकर्ता की संतुष्टि को प्राथमिकता दी गई।

उन्होंने बताया कि जिलाधिकारी बृजेश कुमार के निर्देशन में सभी विभाग शिकायतों के प्रभावी निस्तारण के लिए लगातार कार्य कर रहे हैं। जिलाधिकारी स्वयं आईजीआरएस की नियमित समीक्षा करते हैं और लंबित व संवेदनशील मामलों की विभागवार समीक्षा कर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देते हैं।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि शिकायतों के निस्तारण में औपचारिकता न बरती जाए। स्थलीय सत्यापन, तथ्यों की जांच और शिकायतकर्ता से संवाद के बाद ही गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए।

अपर जिलाधिकारी (वि.रा.) अविनाश चंद्र मौर्य भी आईजीआरएस की नियमित समीक्षा करते हुए लंबित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश देते हैं। जिले की उपलब्धि पर जिलाधिकारी ने अधिकारियों और कर्मचारियों की सराहना करते हुए भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन कर प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल करने के प्रयास करने को कहा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार