home page

औरैया : गुरु पूर्णिमा पर मठ-मंदिरों के पुजारियों और संतों का भाजपा ने किया सम्मान

 | 
औरैया : गुरु पूर्णिमा पर मठ-मंदिरों के पुजारियों और संतों का भाजपा ने किया सम्मान


औरैया, 29 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर पार्टी नेताओं, जनप्रतिनिधियों एवं पदाधिकारियों ने विभिन्न मठों और मंदिरों में पहुंचकर पुजारियों, गुरुओं एवं संतों का अंगवस्त्र भेंट कर सम्मान किया। इस दौरान उन्हें सनातन संस्कृति के संरक्षण और समाज में उनके योगदान के लिए श्रद्धापूर्वक सम्मानित किया गया।

भाजपा जिलाध्यक्ष सर्वेश कठेरिया ने प्रसिद्ध देवकली मंदिर के महंत का अंगवस्त्र भेंट कर सम्मान किया, जबकि सदर विधायक गुड़िया कठेरिया ने मंगला काली मंदिर के महंत का सम्मान किया। जिला पंचायत अध्यक्ष कमल दोहरे ने सहार स्थित बजरंग बली मंदिर, जिला महामंत्री यशवीर सिकरवार ने बाबरपुर के संतोषी माता मंदिर, जिला महामंत्री विशाल शुक्ला ने संकट मोचन मंदिर औरैया तथा जिला मीडिया प्रभारी भूरे चौबे ने निगड़ा स्थित गमा देवी मंदिर के महंत पंडित ओमशरण जी महाराज को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया।

इस अवसर पर जिलाध्यक्ष सर्वेश कठेरिया ने कहा कि गुरु पूर्णिमा केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि सनातन संस्कृति के वास्तविक संरक्षकों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का पावन अवसर है। उन्होंने कहा कि जब-जब भारतीय संस्कृति और परंपराओं पर संकट आया, तब-तब मठों, मंदिरों और वहां के पुजारियों एवं संतों ने धर्म की ज्योति को प्रज्ज्वलित रखा। मंदिर केवल ईंट और पत्थरों की इमारत नहीं, बल्कि आस्था, चेतना और सांस्कृतिक ऊर्जा के केंद्र हैं, जिनमें जीवन का संचार पुजारी और संत करते हैं।

पूर्व राज्य मंत्री लाखन सिंह राजपूत ने अछल्दा स्थित महामाई मंदिर के महंत का सम्मान करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी सदैव सनातन मूल्यों, सांस्कृतिक विरासत और राष्ट्र सेवा के प्रति समर्पित रही है। उन्होंने कहा कि मठ-मंदिरों के पुजारियों को समाज में सम्मान, सुरक्षा और आवश्यक सुविधाएं मिलनी चाहिए।

क्षेत्रीय उपाध्यक्ष एवं जिला प्रभारी आनन्द सिंह ने कहा कि संत और पुजारी केवल पूजा-अर्चना ही नहीं कराते, बल्कि नई पीढ़ी में संस्कारों का बीजारोपण भी करते हैं। इसलिए उनका सम्मान करना समाज का नैतिक दायित्व है।

कार्यक्रम में पूर्व जिलाध्यक्ष अनिल गुप्ता, रिया शाक्य, रजनीश पाण्डेय, योगेंद्र कैथवार, ऋषि पाण्डेय, मनु राजपूत, इंद्रपाल पाल, माधव राजपूत, अभय सिंह सेंगर, अमरचंद राठौर, प्रतीक सिंह, विमल दुबे, रविन्द्रीय शाक्य, देवेंद्र सेंगर, चेयरमैन अनूप गुप्ता, राघव मिश्रा, मंजू चौहान, आशीष दुबे, आदर्श ठाकुर, रामजी बाजपेई, श्यामजी अवस्थी, राजेश पोरवाल, राजवर्धन सिंह, कुअर सिंह बाथम, दीपक कश्यप, सोनू मिश्रा सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार