home page

गुरु पूर्णिमा पर श्रद्धा के साथ मनाई गई महाराजा दक्ष प्रजापति जयंती, इतिहास और संस्कृति पर हुआ प्रकाश

 | 
गुरु पूर्णिमा पर श्रद्धा के साथ मनाई गई महाराजा दक्ष प्रजापति जयंती, इतिहास और संस्कृति पर हुआ प्रकाश


-समाजवादी पार्टी के जिला कार्यालय ककोर में आयाेजन

औरैया, 29 जुलाई (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में समाजवादी पार्टी के जिला कार्यालय ककोर में बुधवार को गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर महाराजा दक्ष प्रजापति की जयंती श्रद्धा, भक्ति और ऐतिहासिक गौरव के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ महाराजा दक्ष प्रजापति के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। उपस्थित लोगों ने उन्हें भारतीय संस्कृति, सृष्टि व्यवस्था और प्रजापति परंपरा के प्रमुख आधार स्तंभ के रूप में नमन करते हुए श्रद्धासुमन अर्पित किए।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि पौराणिक मान्यताओं के अनुसार महाराजा दक्ष प्रजापति ब्रह्मा के मानस पुत्रों में से एक थे और सृष्टि के विस्तार में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका मानी जाती है। उनका उल्लेख अनेक प्राचीन ग्रंथों में मिलता है। उन्होंने समाज को संगठन, अनुशासन, व्यवस्था और कर्तव्य पालन का संदेश दिया। वक्ताओं ने कहा कि दक्ष यज्ञ और माता सती का प्रसंग भारतीय पुराणों की प्रमुख घटनाओं में शामिल है, जो भारतीय संस्कृति, आस्था और आध्यात्मिक परंपराओं का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने कहा कि महाराजा दक्ष प्रजापति का व्यक्तित्व भारतीय सभ्यता और सांस्कृतिक विरासत से गहराई से जुड़ा हुआ है तथा उनकी शिक्षाएं आज भी समाज को संगठित और संस्कारित करने की प्रेरणा देती हैं।

गुरु पूर्णिमा के अवसर पर गुरु-शिष्य परंपरा के महत्व पर भी प्रकाश डाला गया। वक्ताओं ने कहा कि भारतीय संस्कृति में गुरु को ज्ञान, संस्कार और जीवन मूल्यों का पथप्रदर्शक माना गया है। गुरु के मार्गदर्शन से ही व्यक्ति का चरित्र निर्माण होता है और समाज का सर्वांगीण विकास संभव हो पाता है। उन्होंने सभी से गुरुजनों का सम्मान करने तथा उनके बताए मार्ग पर चलने का आह्वान किया।

इस अवसर पर समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष सर्वेश बाबू गौतम, दिबियापुर विधायक प्रदीप यादव , महेंद्र त्रिपाठी, श्याम बाबू यादव, कमलेश तिवारी, सुमन दिवाकर, दिनेश नायक, हरिशंकर दिवाकर, राजकुमार यादव, शैलेन्द्र अम्बेडकर, सुनील शाक्य, राम रतन दोहरे, रविन्द्र राठौर, सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार