home page

खेत में मिला 22 वर्षीय युवती का शव, पुलिस कर रही पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

 | 
खेत में मिला 22 वर्षीय युवती का शव, पुलिस कर रही पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार


-बकरियां चराने निकली थी अंजली उर्फ बबली, देर तक घर न लौटने पर परिजनों ने की तलाश।

औरैया, 30 जुलाई (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद के दिबियापुर थाना क्षेत्र के पुरवा भूपत गांव में गुरुवार सुबह खेत में 22 वर्षीय युवती का शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।

मृतका की पहचान अंजली उर्फ बबली (22) पुत्री अरविंद कुमार निवासी पुरवा भूपत के रूप में हुई है।

परिजनों के अनुसार अंजली मानसिक रूप से अस्वस्थ थी और उसके तीन भाई हैं। वह बकरियां चराने के लिए घर से निकली थी, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटी। इसके बाद परिजनों ने उसकी तलाश शुरू कर दी।

गुरुवार सुबह गांव के बाहर एक खेत में अंजली का शव पड़ा होने की सूचना मिलने पर परिवार के लोग मौके पर पहुंचे। शव देखते ही परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

थाना प्रभारी सत्यप्रकाश ने बताया कि मामले में परिजनों की ओर से किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया गया है। प्रथम दृष्टया मौत का कारण स्पष्ट नहीं है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही वास्तविक कारण सामने आएगा। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार