home page

गांधी-शास्त्री जयंती पर पुलिस लाइन में गूंजा सत्य-अहिंसा का संदेश

 | 
गांधी-शास्त्री जयंती पर पुलिस लाइन में गूंजा सत्य-अहिंसा का संदेश


औरैया, 02 अक्टूबर (हि. स.)। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती शुक्रवार को उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद रिजर्व पुलिस लाइन में श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने दोनों महापुरुषों के चित्रों पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।

पुलिस अधीक्षक ने उपस्थित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राष्ट्र की एकता, अखंडता, शांति एवं सद्भाव बनाए रखने की शपथ दिलाई। उन्होंने पुलिसकर्मियों से सत्य एवं अहिंसा के मूल्यों को अपने आचरण में अपनाने तथा कर्तव्यों का निर्वहन पूरी निष्ठा और ईमानदारी से करने का आह्वान किया।

इस दौरान महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा और स्वच्छता के संदेश तथा लाल बहादुर शास्त्री के सादगी, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा के आदर्शों को याद किया गया। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि दोनों महापुरुषों के विचार आज भी समाज और राष्ट्र के लिए प्रेरणादायी हैं।

कार्यक्रम के अंत में पुलिस लाइन में कार्यरत चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को उपहार एवं मिष्ठान वितरित किया गया। पुलिस अधीक्षक ने कर्मचारियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके योगदान की सराहना की। इस अवसर पर पुलिस लाइन के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार