औरैया :खाद्य विभाग ने छापेमारी कर 25 किलो दूषित बर्फी नष्ट कराई, 175 लीटर सरसों का तेल सीज
औरैया, 10 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में जिलाधिकारी बृजेश कुमार के निर्देश पर खाद्य विभाग ने मिलावटखोरी के खिलाफ बिधूना और रुरुगंज बाजार में अभियान चलाकर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान 25 किलो दूषित रेडीमेड बर्फी नष्ट कराई गई, जबकि दो दुकानों से 175 लीटर खुला सरसों का तेल सीज किया गया। टीम ने चार खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे हैं।
सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय सुनील कुमार के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारी विजय कुमार श्रीवास ने बिधूना के भगत सिंह चौराहा स्थित मिठाई की दुकान से रेडीमेड रंगीन बूंदी के लड्डू और डोडा बर्फी के नमूने लिए। जांच में 25 किलो दूषित रेडीमेड बर्फी मिली, जिसकी कीमत करीब 4750 रुपये थी। इसे खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत नष्ट कराया गया।
इसके बाद रुरुगंज बाजार की दो किराना दुकानों से खुले सरसों के तेल के नमूने लिए गए। एक दुकान से 125 लीटर और दूसरी से 50 लीटर तेल सीज किया गया। दोनों की अनुमानित कीमत क्रमश: 25 हजार और 10 हजार रुपये बताई गई है। नमूनों की रिपोर्ट आने के बाद संबंधित कारोबारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य विभाग की कार्रवाई के बाद व्यापार मंडल बिधूना के पदाधिकारियों और खाद्य कारोबारियों के साथ बैठक हुई। व्यापारियों ने रेडीमेड मिठाइयों के निर्माण, खरीद और बिक्री का बहिष्कार करने तथा मिठाइयों में एल्युमिनियम वर्क और रंग का प्रयोग न करने का आश्वासन दिया। बैठक में व्यापार मंडल अध्यक्ष अमित गुप्ता लालू सहित करीब 30 व्यापारी मौजूद रहे।
वहीं, फूड सेफ्टी ऑन व्हील मोबाइल वैन प्रयोगशाला से विभिन्न प्रतिष्ठानों पर 15 खाद्य पदार्थों की त्वरित जांच की गई। मानक के अनुरूप नहीं मिले खाद्य पदार्थों के संबंध में विधिक नमूने भी लिए गए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

