home page

औरैया : रक्षाबंधन से पहले खाद्य विभाग की छापेमारी, नौ नमूने लिए

 | 
औरैया : रक्षाबंधन से पहले खाद्य विभाग की छापेमारी, नौ नमूने लिए


औरैया, 26 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में जिलाधिकारी बृजेश कुमार के निर्देश पर आगामी रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावट के खिलाफ विशेष प्रवर्तन अभियान शुरू किया है। सहायक आयुक्त (खाद्य) द्वितीय सुनील कुमार के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारी विजय कुमार श्रीवास और अनिल कुमार संखवार की टीम ने अजीतमल, फफूंद और अछल्दा क्षेत्र में मिठाई की दुकानों का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों के नौ नमूने जांच के लिए।

खाद्य विभाग की टीम ने अजीतमल के चक सराय अनंतराम स्थित प्रतिष्ठान से पनीर और खोया के नमूने लिए। इसके बाद फफूंद चौराहा स्थित मिठाई की दुकान से रेडीमेड बर्फी और छेना मिठाई, अछल्दा रोड स्थित दुकान से रंगीन बूंदी के लड्डू तथा अछल्दा मेन बाजार की दुकान से रेडीमेड डोडा बर्फी और रेडीमेड बर्फी के नमूने लिए गए।

इसके अलावा भगत सिंह चौराहा स्थित मिठाई की दुकान पर जांच के दौरान रेडीमेड बर्फी और मिल्क केक भंडारित मिला। टीम ने दोनों के नमूने लिए। मौके पर करीब 70 किलो रेडीमेड बर्फी, मिल्क केक और अत्यधिक रंगीन छेना मिठाई को नष्ट कराया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 12,600 रुपये बताई गई है।

सभी नौ नमूनों को जांच के लिए राजकीय जन विश्लेषक प्रयोगशाला भेजा गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।

सहायक आयुक्त सुनील कुमार ने खाद्य कारोबारियों से अपील की कि बिना आवश्यक दस्तावेजों के रेडीमेड मिठाइयों की खरीद-बिक्री न करें। निर्माता फर्म का बिल, लाइसेंस और आधार कार्ड की प्रति अवश्य प्राप्त करें। मिठाइयों में खाद्य रंग और एल्युमिनियम वर्क का प्रयोग न करने की भी सख्त हिदायत दी गई। विभाग की गोपनीय टीम द्वारा रेडीमेड मिठाइयों की अवैध आपूर्ति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार