home page

ई-रिक्शा का 14 हजार रुपये चालान होने से नाराज चालक ने चौराहे पर किया हाई वोल्टेज ड्रामा

 | 
ई-रिक्शा का 14 हजार रुपये चालान होने से नाराज चालक ने चौराहे पर किया हाई वोल्टेज ड्रामा


औरैया, 21 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में दिबियापुर के फफूंद चौराहे पर शुक्रवार को 14 हजार रुपये के चालान से नाराज ई-रिक्शा चालक सड़क पर लेट गया। करीब आधे घंटे तक चले हाई वोल्टेज ड्रामे के चलते चौराहे पर चारों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। जाम में स्कूली वाहन भी फंस गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने काफी समझाने के बाद चालक को सड़क से उठाया।

लोहिया नगर निवासी पूरन चंद्र का पुत्र अंकित शुक्रवार दोपहर करीब 1:40 बजे अपनी पत्नी मीना देवी की दवा लेने ई-रिक्शा से जा रहा था। फफूंद चौराहे के पास एआरटीओ विभाग की टीम ने वाहन के कागजात और ड्राइविंग लाइसेंस नहीं होने पर उसका 14 हजार रुपये का चालान कर दिया। चालान का मैसेज अंकित के पिता के मोबाइल पर पहुंचा।

चालान की जानकारी होने पर अंकित वापस चौराहे पर पहुंचा और सड़क पर लेट गया। वह चिल्लाकर कहने लगा कि गरीब आदमी का 14 हजार रुपये का चालान कर दिया गया। उसके सड़क पर लेटते ही वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो गई और देखते ही देखते चौराहे पर भीड़ जमा हो गई। कुछ लोग यातायात पुलिसकर्मियों पर चालान करने का आरोप लगाते हुए विरोध करने लगे।

सूचना पर थाना प्रभारी सत्य प्रकाश सिंह, क्राइम निरीक्षक राजेश कुमार और उपनिरीक्षक अरुण कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने करीब आधे घंटे तक समझाने के बाद अंकित को सड़क से हटाया। इस दौरान उसकी पत्नी मीना देवी भी मौके पर पहुंच गई। जाम खुलने में करीब एक घंटे का समय लगा।

बाद में क्राइम निरीक्षक शैलेंद्र कुमार ने अंकित के मोबाइल पर आए चालान के मैसेज की जांच की। इसमें सामने आया कि चालान एआरटीओ विभाग के मानवेंद्र प्रताप सिंह द्वारा किया गया था। यातायात पुलिसकर्मियों की इसमें कोई भूमिका नहीं थी। एआरटीओ विभाग की ओर से बिना ड्राइविंग लाइसेंस और वाहन के आवश्यक कागजात न होने के कारण चालान किया गया था।

निरीक्षक सत्य प्रकाश सिंह ने बताया कि यातायात बाधित करने के मामले में अभिषेक यादव पुत्र मुकेश यादव निवासी चतुरीपुर, थाना किशनी, जिला मैनपुरी, फैजुल पुत्र शहीद निवासी पूर्वा फतेह मदारी, थाना सहार तथा ई-रिक्शा चालक अंकित कुमार पुत्र पूरन चंद्र निवासी लोहिया नगर का शांतिभंग की धारा में चालान कर एसडीएम औरैया न्यायालय भेजा गया है। वहीं, 14 हजार रुपये के चालान की कार्रवाई एआरटीओ विभाग द्वारा की गई थी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार