बिजली उपभोक्ता सर्वोपरि, शिकायतों का तुरंत हो समाधान : जिलाधिकारी
औरैया, 28 जुलाई (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद के जिलाधिकारी बृजेश कुमार ने मंगलवार काे विद्युत विभाग की कार्यप्रणाली पर कड़ा रुख अपनाते हुए अधिकारियों और कर्मचारियों को उपभोक्ताओं की शिकायतों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। कलेक्ट्रेट स्थित मानस सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने स्पष्ट कहा कि विद्युत उपभोक्ता सर्वोपरि हैं और उनकी समस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में जिलाधिकारी ने विभागीय अधिकारियों द्वारा उपभोक्ताओं के फोन नहीं उठाने की शिकायतों पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि अधिकारियों और कर्मचारियों का यह रवैया विभाग के साथ-साथ शासन की छवि भी खराब करता है। उन्होंने निर्देश दिए कि यदि कोई उपभोक्ता दूरभाष पर संपर्क करता है तो उससे शालीनता से बात करें, समस्या की सही जानकारी दें और उसके शीघ्र समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई करें।
ओवर बिलिंग की बढ़ती शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने अधिशाषी अभियंता को मीटर रीडरों के साथ बैठक कर स्पष्ट निर्देश देने को कहा कि किसी भी उपभोक्ता का गलत या अधिक बिल जारी न हो। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसी स्तर पर लापरवाही या अनियमितता पाई गई तो संबंधित कर्मचारी के विरुद्ध तत्काल कठोर कार्रवाई की जाएगी।
जनता की सुविधा के लिए जिलाधिकारी ने जनपद के सभी विद्युत उपकेंद्रों पर 'समस्या निस्तारण शिविर' आयोजित करने के निर्देश दिए। साथ ही खराब पड़े ट्रांसफार्मरों को प्राथमिकता के आधार पर तत्काल बदलने, लाइन लॉस कम करने, शत-प्रतिशत बिजली बिलों की वसूली सुनिश्चित करने तथा शासन द्वारा निर्धारित रोस्टर के अनुसार निर्बाध विद्युत आपूर्ति बनाए रखने के भी निर्देश दिए। बैठक में अधिशाषी अभियंता विद्युत औरैया, अधिशाषी अभियंता विद्युत दिबियापुर सहित जनपद के सभी सहायक अभियंता (एई) एवं अवर अभियंता (जेई) उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

