औरैया में जिला प्रशासन ने कांवड़ यात्रा को लेकर वाहन संचालकों के संग की बैठक, दिए निर्देश
औरैया, 23 जुलाई (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए गुरुवार को कलेक्ट्रेट स्थित मानस सभागार में जिलाधिकारी ब्रजेश कुमार और पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने वाहन संचालकों के साथ बैठक की। अधिकारियों ने निर्धारित रूट, डायवर्जन व्यवस्था और यातायात नियमों की जानकारी देते हुए उनका कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और निर्बाध आवागमन प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। ऐसे में सभी वाहन चालक प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें तथा प्रतिबंधित मार्गों पर वाहन न ले जाएं। एसपी ने वाहन संचालकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सभी की भागीदारी जरूरी है।
बैठक में अधिकारियों ने बताया कि आवश्यकता के अनुसार विभिन्न मार्गों पर डायवर्जन लागू किया जाएगा। वाहन संचालकों से अपील की गई कि वे वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें और यातायात पुलिस के निर्देशों का पालन करें, ताकि कांवड़ यात्रा शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके। बैठक में अपर जिलाधिकारी सहित प्रशासन एवं पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

